बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं

नई दिल्ली : सोमवार, मई 12, 2025/ आज बुद्ध पूर्णिमा है। गौतम बुद्ध का जन्म और परिनिर्वाण आज ही के दिन हुआ था। उन्हें बोधगया में महाबोधि वृक्ष के नीचे निर्वाण की प्राप्ति हुई थी। बुद्ध पूर्णिमा भारत, नेपाल, भूटान, बर्मा, थाईलैंड, तिब्बत, कोरिया, लाओस, वियतनाम, मंगोलिया, कंबोडिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया और श्रीलंका के बौद्धों और हिंदुओं का एक प्रमुख त्योहार है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भगवान बुद्ध करुणा के अवतार थे और अहिंसा, प्रेम तथा दयालुता का उनका संदेश मानव जाति के कल्‍याण का मूल आधार है। उन्‍होंने कहा कि भगवान बुद्ध के आदर्शों ने समानता, सद्भाव और सामाजिक न्‍याय के शाश्‍वत मूल्‍यों में हमारे विश्‍वास को प्रगाढ किया है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुद्ध पूर्णिमा की बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पवित्र दिन भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण का प्रतीक है, जिनकी गहन बुद्धि चुनौतीपूर्ण समय में हमारे लिए ध्रुव तारे के रूप में कार्य करती है। भगवान बुद्ध का अहिंसा, दया और मध्यम मार्ग का संदेश आज की दुनिया में पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है, व्यक्ति और समग्र मानवता दोनों के लिए। आइए हम गौतम बुद्ध द्वारा बताए गए महान सिद्धांतों के प्रति खुद को फिर से प्रतिबद्ध करें और उनकी शिक्षाओं का प्रकाश सबके लिए अधिक शांतिपूर्ण, दया माया से भरा और सामंजस्यपूर्ण समाज बनाने की दिशा में मार्गदर्शन करें।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा – सभी देशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की ढेरों शुभकामनाएं। सत्य, समानता और सद्भाव के सिद्धांत पर आधारित भगवान बुद्ध के संदेश मानवता के पथ-प्रदर्शक रहे हैं। त्याग और तप को समर्पित उनका जीवन विश्व समुदाय को सदैव करुणा और शांति के लिए प्रेरित करता रहेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ज्ञान, करुणा और अहिंसा के मार्ग पर चलकर मानव समाज को समानता और एकता का संदेश देने वाले भगवान बुद्ध का जीवन मनसा, वाचा और कर्मणा की त्रिवेणी है। भगवान बुद्ध से सभी के सुख और शांति की कामना करता हूं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर मैं शांति, ज्ञान और करुणा के प्रतीक महात्मा बुद्ध को नमन करता हूं। उनकी शाश्वत शिक्षाएं मानवता को सद्भाव, आत्म-साक्षात्कार और धर्म के मार्ग पर ले जाती हैं।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal