नई दिल्ली : गुरूवार, मई 1, 2025/ पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर रात में अकारण गोलीबारी कर लगातार सातवीं बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। रक्षा सूत्रों ने बताया है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी का मुंहतोड जवाब दिया। पाकिस्तानी सेना ने कुपवाडा, उरी और अखनूर सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू की। भारतीय सेना ने कहा है कि नियंत्रण रेखा पर हुई अकारण गोलीबारी का माकूल जवाब दिया गया है।
पाकिस्तानी सेना बीते शुक्रवार से हर रोज नियंत्रण रेखा पर फायरिंग कर रही है। सेना के अनुसार, 30 अप्रैल और 1 मई की रात, पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर की नियंत्रण रेखा के पार से गोलीबारी की। रोज की ही तरह यह फायरिंग बिना किसी उकसावे के की गई।
पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से यह गोलीबारी की है। भारतीय सेना ने भी इसका उचित जवाब दिया। इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए 29-30 अप्रैल की रात को भी नियंत्रण रेखा के उस पार से भारतीय इलाकों में गोलीबारी की थी।
भारतीय सेना के मुताबिक 29-30 अप्रैल की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों के सामने नियंत्रण रेखा के पार से फायरिंग की थी। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद से पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी शुरू की है। यहां पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 26 निर्दोष लोगों की नृशंस हत्या की थी। इनमें से 25 पर्यटक थे।




