सर्वोच्च पादरी पोप फ्रांसिस के निधन पर भारत में तीन दिन का राजकीय शोक

नई दिल्ली : मंगलवार, अप्रैल 22, 2025/ भारत सरकार ने इसाइयों के सर्वोच्‍च पादरी पोप फ्रांसिस के सम्मान में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पोप फ्रांसिस का कल निधन हो गया। दो दिन का राजकीय शोक आज और कल रहेगा जबकि अंतिम संस्कार के दिन भी राजकीय शोक होगा। देश भर में राजकीय शोक के दौरान सभी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।

पोप फ्रांसिस, जिनका असली नाम जॉर्ज मारियो बर्गोलियो था, मार्च 2013 में पोप चुने गए थे। वह अपने सादगी भरे जीवन, सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर मुखर रुख के लिए विश्व भर में जाने जाते थे। उनके निधन से न केवल कैथोलिक समुदाय, बल्कि पूरी दुनिया में शोक की लहर है। भारत में भी उनके निधन पर कई नेताओं और संगठनों ने शोक व्यक्त किया है। देश में कई चर्चों के पादरियों ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।

ज्ञात हो कि किडनी की बीमारी से जूझ रहे पोप फ्रांसिस का सोमवार को निधन हो गया। वेटिकन ने एक वीडियो संदेश में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया था कि रोमन कैथोलिक चर्च के पहले लैटिन अमेरिकी नेता पोप फ्रांसिस का निधन हो गया था। ईसाइयों के सबसे बड़े धर्मगुरु पोप फ्रांसिस 88 वर्ष के थे और वह किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। कुछ समय पहले कई दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद वह ठीक होकर घर लौटे थे। पोप फ्रांसिस को हाल ही में डबल निमोनिया की गंभीर बीमारी ने भी जकड़ा था।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal