गुड फ्राइडे के दिन मानवता और आपसी भाईचारा सुदृढ़ करने का संकल्‍प लेते हैं लोग

नई दिल्ली : शुक्रवार, अप्रैल 18, 2025/ आज गुड फ्राइडे है। प्रभु ईसा मसीह को सलीब पर चढ़ाए जाने की स्मृति में यह दिन मनाया जाता है। इसी दिन प्रभु यीशु ने मनुष्‍यता को पापों से मुक्ति दिलाने के लिए अपना जीवन उत्सर्ग किया था। गुड फ्राइडे पर लोग मानवता और आपसी भाईचारा सुदृढ़ करने का संकल्‍प लेते हैं। प्रभु यीशु के पुनर्जीवित होने के उपलक्ष्‍य में रविवार से ईस्‍टर समारोह शुरू हो जायेंगे।

गुड फ्राइडे के पावन अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ईसा मसीह के महान बलिदान पर अपने विचार प्रकट किए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह दिन हमें अपने जीवन में दया, करुणा और उदारता को अपनाने की याद दिलाता है। एक्स पर एक पोस्ट में, उन्होंने कहा “गुड फ्राइडे के दिन हम ईसा मसीह के बलिदान को याद करते हैं। यह दिन हमें दयालुता, करुणा और हमेशा उदार हृदय रखने की प्रेरणा देता है। शांति और एकजुटता की भावना हमेशा बनी रहे।”

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, “गुड फ्राइडे के अवसर पर प्रभु यीशु मसीह के बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन। प्रभु यीशु मसीह ने अपने जीवन और बलिदान के माध्यम से संपूर्ण मानवता को प्रेम, दया और करुणा के भाव का संदेश दिया था। उनके बताए हुए मार्ग के अनुसरण से समस्त मानव समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।”

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुड फ्राइडे की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर लिखा, “दया, क्षमा, त्याग और सहानुभूति का सार हमारे कार्यों को प्रेरित करता रहे। आइए हम अपने साझा अस्तित्व में मानवता, दया और शांति के मूल्यों को अपनाएं।” कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “यह गुड फ्राइडे हर दिल को करुणा, दया और प्रेम से भर दे तथा सभी के लिए शांति लेकर आए।”

प्रियंका गांधी ने भी अपनी भावनाएं एक्स पर व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा, “यह शुभ दिन हम सभी को याद दिलाए कि प्रभु यीशु ने हमें सिखाया है कि प्रेम, करुणा और क्षमा की शक्ति में कभी विश्वास न खोएं।” राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा, “गुड फ्राइडे के मौके पर आइए प्रभु यीशु के बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करें तथा करुणा, मानवता तथा प्रेम के उनके संदेश को आत्मसात करें।”

Google Search

Boys Hostel in Bhopal