कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया -डॉ. मोहन यादव

निजी हितों के लिए कांग्रेस ने किए संविधान में मनमाने संशोधन – लक्ष्मीकांत वाजपेयी

भोपाल : बुधवार, अप्रैल 16, 2025/ भारतीय जनता पार्टी, प्रदेश कार्यालय में बुधवार को प्रदेश स्तरीय वक्ता कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित एवं महापुरूषों को पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ। कार्यशाला में संविधान को नमन कर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यशाला को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने संबोधित किया। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि कांग्रेस ने स्वर्गीय इंदिरा गांधी की गद्दी को बचाने और व्यक्तिगत हितों के लिए संविधान में संशोधन किए। जबकि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण की समय सीमा बढ़ाने के लिए संविधान संशोधन किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने कहा कि वर्तमान भारत के निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अमूल्य योगदान है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाबा साहब का सबसे ज्यादा अपमान अगर देश में किसी ने किया है, तो उसका नाम कांग्रेस है। हमारा सौभाग्य है कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्म महू में हुआ और हमें उनके नाम से कई योजनाओं को चलाने का अवसर मिला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों तक बाबा साहब की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर उनका अपमान किया। कांग्रेस ने संविधान में 75 बार से अधिक संशोधन कर उसकी मूलभावना के साथ कुठाराघात किया है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान की प्रस्तावना में संशोधन कर संविधान की आत्मा को ठेस पहुंचाई है। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारें बाबा साहब के संविधान की रक्षा और उनके सम्मान को बरकरार रखने का काम कर रही है। भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों को वोट बैंक समझा और उनके उत्थान के लिए कुछ नहीं किया।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस और विपक्षी दल देश में एक नैरेटिव सेट करने में सफल रहे कि अगर भाजपा लोकसभा में 400 सीटें जीत जाएगी तो संविधान बदल देगी। कांग्रेस और विपक्षी दलों के इस दुष्प्रचार को तथ्यों के साथ जवाब देने की जरूरत अभी भी है। कांग्रेस पार्टी ने संविधान का किस प्रकार से दुरूपयोग किया है, उसका बड़ा उदाहरण धारा 356 का अनुचित प्रयोग है। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र में सत्ता मे रहते 88 बार धारा 356 का दुरूपयोग कर राज्यों की चुनी गई सरकारों को गिराया है। जबकि 11 साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 356 का प्रयोग कर किसी भी सरकार को गिराने का कार्य नहीं किया। बाबा साहब ने जम्मू-कश्मीर मे धारा 370 लागू करने के विरोध में थे। बाबा साहब डॉ. अंबेडकर देश मे समान नागरिक संहिता लाना चाहते थे, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू इसके विरोध में थे। जवाहरलाल नेहरू ने जामिया मिलिया इस्लामिया और अलीगढ़ विश्वविद्यालय को अल्पसंख्यक का दर्जा देकर वहां अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को रोकने का कार्य किया। कांग्रेस ने शाहबानो केस में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद अपने वर्ग विशेष के वोट बैंक को बचाए रखने के लिए संविधान संशोधन कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी निष्प्रभावी बनाने का कार्य किया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा 1975 में इंदिरा गांधी के चुनाव को शून्य घोषित किए जाने पर गद्दी बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने संविधान में संशोधन किया। जबकि भाजपा ने जो संविधान संशोधन किए हैं वह आरक्षण को बढ़ाने के लिए किए हैं या सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए किए हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आरक्षण की विरोधी रही है। 27 जून 1961 को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र भेजकर कहा था कि अब देश में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजातियों को मिलने वाले आरक्षण की अब आवश्यकता नहीं है, इसे समाप्त कर देना चाहिए। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकारों ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के आरक्षण को आगे बढ़ाने के लिए संविधान में संशोधन किए हैं। कांग्रेस ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को भी आरक्षण से वंचित रखा था। ओबीसी वर्ग को आरक्षण देने के लिए गठित किए गए काका कालेलकर आयोग की प्रस्तुत रिपोर्ट को कांग्रेस की सरकार ने दबाए रखा और ओबीसी को आरक्षण नहीं मिलने दिया। लेकिन जब वीपी सिंह की सरकार बनी, तब श्रद्धेय अटल और लालकृष्ण आडवाणी के प्रयासों से मंडल आयोग की सिफारिशें लागू की गईं। भाजपा सरकार ने ही ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का कार्य किया है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर विकसित भारत बनाने की मानसिकता के साथ कार्य कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराकर समाज सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों में बार-बार रोकने का प्रयास किया। बाबा साहब ने हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सिर्फ दलितों का नेता बताकर उनके कार्यों को समाज में आने से छिपाने का कार्य किया। संविधान दिवस मनाने का कार्य भाजपा ने किया, कांग्रेस ने संविधान को लागू करने के वर्षों बाद तक यह कार्य नहीं किया। संविधान दिवस मनाने के लिए 26 नवंबर 2015 को संसद में हुई डिबेट में प्रमुखता से चर्चा की गई थी। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को बार-बार अपमानित करने के साथ उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया कि वे सिर्फ दलितों के नेता है। बाबा साहब ने सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया। श्रमिकों को आठ घंटे के कार्य का नियम बाबा साहब के प्रयासों से शुरू हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल संरक्षण, स्वच्छता को लेकर जो कार्य कर रहे हैं, उनकी परिकल्पना बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने की थी, लेकिन उस समय कांग्रेस की सरकारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। वर्तमान भारत के निर्माण में बाबा साहब का अमूल्य योगदान है। भाजपा का संपूर्ण नेतृत्व बाबा साहब के कृतित्व और व्यक्तित्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को अपमानित करने के लिए समाज में कई दुष्प्रचार भी किए हैं। हमें बाबा साहब की जयंती को लेकर आयोजित कार्यक्रमों में जन-जन से संपर्क कर बाबा साहब को लेकर समाज में फैलाई गई भ्रांतियों को तथ्यों के साथ खारिज कर उनके कृतित्व व व्यक्तित्व जनता को बताना है। जनता को यह भी बताएं कि बाबा साहब ने संविधान में जनता को बहुत अधिकार दिए हैं, लेकिन कांग्रेस ने अपने हितों के लिए संविधान में कई संशोधन कर उनकी मूल भावना को भी बदलने का प्रयास कर संविधान का दुरूपयोग किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान की रक्षा करने का कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की चमड़ी बहुत मोटी हो गई है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का सबसे ज्यादा अपमान करने का काम अगर किसी ने किया है तो वह देश पर सबसे ज्यादा समय तक राज करने वाली कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस ने संविधान में एक-दो बार नहीं, बल्कि अपनी जरूरतों के हिसाब से अनेकों संशोधन करने का काम किया। अब जब नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस नेताओं पर चार्जशीट दाखिल हुई, तो ईडी के दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है। क्या कांग्रेस कानून से बड़ी हो गई है? कांग्रेस का मूल चरित्र ही तुष्टिकरण कर अपना काम निकालने का रहा है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने जो संविधान हमको सौंपा उसके हिसाब से कोई बड़ा नहीं, कोई छोटा नहीं और कोई ऊंचा-नीचा नहीं होता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’’ के मूल मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि बाबा साहब का जन्म महू में हुआ। प्रदेश में कांग्रेस की सरकारों ने अंबेडकर जी के नाम पर कुछ नहीं किया। जब-जब भारतीय जनता पार्टी की सरकारें बनीं बाबा साहब अंबेडकर को सम्मान देने का काम किया गया। हमारी सरकार ने बाबा साहब के नाम से सागर में सेंचुरी, कामधेनु योजना और महू में स्मारक बनाने का काम किया है। 14 अप्रैल को सबने मिलकर महू में बाबा साहब की जयंती मनाई, तब मुझे अहसास हुआ कि बाबा साहब से प्रेम करने वाले लोग देश-विदेश से बड़ी संख्या में आते हैं,उनके रहने के लिए साढ़े तीन एकड़ में धर्मशाला बनाने का फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महू को दिल्ली से ट्रेन के माध्यम से जोड़ने का काम किया गया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का संगठन तंत्र बूथ स्तर तक सक्रियता से कार्य करता है, इसलिए राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा हमें दिए गए इस अभियान को बूथ स्तर पर साकार करना है। पार्टी कार्यकर्ता 25 अप्रैल तक प्रदेश के 65 हजार 14 बूथों पर पहुंचकर तथ्यात्मक मुद्दों पर बात करेंगे। यह अभियान बाबा साहब की जयंती 14 अप्रैल से प्रदेश भर में प्रारंभ हुआ है। हमें जनता तक पहुंचकर कांग्रेस द्वारा समाज में किए गए दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देना है। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया और संविधान के साथ खिलवाड़ करती रही। कांग्रेस ने संविधान में 75 बार से अधिक संशोधन कर उसकी मूलभावना के साथ कुठाराघात किया है। यहां तक कि संविधान की मूल प्रस्तावना में परिवर्तन कर धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद शब्द को जोड़ने का काम किया, जिसका विरोध बाबा साहब ने किया था। कांग्रेस के ऐसे सभी संविधान विरोधी बिंदुओं को एक-एक करके हमें समाज के सामने रखना है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर को कांग्रेस के समर्थन से चुनाव हराने वाले को पदम भूषण दिया परंतु देश को संविधान देने वाले भारत के सच्चे सपूत को एक भी सम्मान नहीं दिया और न ही उनसे जुड़े स्थलों पर स्मारक बनाने की अनुमति दी। कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारों ने पंचतीर्थ बनाकर बाबा साहब को सम्मान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामाजिक समरसता जैसे विभिन्न विषयों को समाज में प्रतिपादित किया है। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब का अपमान करने के साथ उनके खिलाफ समाज के बीच दुष्प्रचार भी किया। हमें जनता के साथ मिलकर कांग्रेस द्वारा फैलाए गए दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देना है कि बाबा साहब ने किस प्रकार से सभी वर्गो के कल्याण के लिए कार्य किया है। कांग्रेस की तत्कालीन सरकार में मंत्री रहते हुए बाबा साहब ने जम्मू कश्मीर में धारा 370 लगाने का पुरजोर विरोध किया था, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने बाबा साहब की बात को नकारते हुए धारा 370 लगाई। ऐसे कई उदाहरण है जो बाबा साहब के विचारों के विपरीत जाकर कांग्रेस ने कार्य किया उन्हें और अपमानित किया। हम सभी कार्यकर्ता बाबा साहब के कृतित्व और व्यक्तित्व को लेकर जन-जन तक पहुंचकर यह बतायेंगे कि बाबा साहब ने देश और समाज के विकास व कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि आज से 48 हजार 913 दिन, यानी 1608 महीना तथा 134 वर्ष पहले बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के रूप में महू में दिव्य आत्मा का अवतरण हुआ था, जिन्होंने भारत को संविधान देकर देश को सजाने व संवारने का कार्य किया है। वह इतने बड़े महापुरूष थे कि वे तीन सदियों तक प्रासंगिक हैं और आज विश्व के 120 देशों में उनकी जन्म जयंती मनाई जा रही है। उन्होंने 19वीं शताब्दी में जन्म लिया। 20वीं सदी में कार्य किया और 21वीं सदी में उनके कार्यों की चर्चा और मीमांसा हो रही है। बाबा साहब ने देश की आजादी के बाद भारत का संविधान बनाया, जिसके आधार पर आज देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज को समर्पित कर समाज सुधार का अद्भुत उदाहरण पेश किया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा समाज सुधार के लिए किए गए कार्य युगों तक प्रासंगिक रहेंगे। बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान की आत्मा उसकी प्रस्तावना है। कांग्रेस पार्टी ने संविधान की प्रस्तावना में संशोधऩ कर संविधान की आत्मा को ठेस पहुंचाई है। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को तिरस्कृत करने के साथ उनके किए गए कार्यों को भी तिरस्कृत किया है। बाबा साहब द्वारा बनाए गए मूल संविधान को ही कांग्रेस पार्टी ने गायब कर दिया। बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान में राम दरबार के साथ भगवान श्रीकृष्ण, हनुमान जी और महात्मा गाँधी सहित सनातन के अनेक देवी-देवताओं को समाहित किया गया था, लेकिन कांग्रेस ने इन्हें भी संविधान से हटाने का कार्य किया है। संगठन की दृष्टि से एक आदर्श राज्य के आप सभी आदर्श कार्यकर्ता हैं। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस भारत का सपना देखा था, उनके सपनों का भारत बनाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। डॉ. अम्बेडकर के विचार और उनके द्वारा रचित संविधान हम सभी को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की प्रेरणा देते हैं। हम सभी को बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने के साथ उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है, तभी देश तीव्रगति से आगे बढ़ेगा और अपने पुराने वैभव को प्राप्त करेगा।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का काम किया। कांग्रेस वक्फ संशोधन बिल का विरोध कर संविधान का अपमान करने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारों ने बाबा साहब के संविधान की रक्षा और उनके सम्मान को बरकरार रखने का काम लगतार करती आ रही है और हमेशा करती रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार हो या प्रदेश की भाजपा सरकार, कई योजनाएं बाबा साहब अंबेडकर के नाम से चला रही हैं। कांग्रेस ने देश और प्रदेश में सबसे ज्यादा शासन किया, लेकिन बाबा साहब अंबेडकर के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर का यह सम्मान अभियान 25 अप्रैल तक चलेगा। इस अभियान को हमें सार्थक बनाने के लिए लोगों से मिलकर उन्हें जोड़ना होगा, ताकि बाबा साहब के अमूल्य योगदान को हम ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में सफल हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में निश्चित अवधि में गोष्ठियों का आयोजन किया जाए और 25 अप्रैल तक पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न समाज के प्रभावी लोगों से संपर्क कर बाबा साहब के कृतित्व और व्यक्तित्व को जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही कांग्रेस द्वारा किस प्रकार से बाबा साहब को अपमानित किया गया, यह भी समाज को पता होना चाहिए।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि देश में कांग्रेस की दुकान बंद हो चुकी है। कांग्रेस रोज-नए-नए मामलों को उठाकर फिर से दुकान खोलने का प्रयास कर रही है, लेकिन देश की जनता जागरूक हो गई है। अब कांग्रेस की दुकान का ताला नहीं खुलेगा,क्योंकि कांग्रेस पार्टी झूठ की सबसे बड़ी फैक्ट्री और उसके सहयोगी दल उस फैक्ट्री के अन्य पार्ट हो गए हैं। कांग्रेस ने हमेशा सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम किया। चाहे बाबा साहब को चुनावों में हराने का षडयंत्र हो या फिर उनके श्रमिकों, महिला उत्थान या अन्य सकारात्मक कार्यों को दबाना हो, कांग्रेस ने इसमें कोई संकोच नहीं किया। यही कारण है कि बाबा साहब अंबेडकर को मजबूर होकर नेहरू जी की सरकार से इस्तीफा देना पड़ा, लेकिन वो अपने सिद्धांतों के आगे नहीं झुके। कांग्रेस ने देश में सबसे ज्यादा राज किया,लेकिन 14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती पर अवकाश देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया। लंदन में भी प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहब के निवास को स्मारक बनाने का काम किया। कांग्रेस केवल दलितों के वोट बैंक को लेकर राजनीति करती रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा बाबा साहब के सम्मान के लिए कार्य किया है।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव मंचासीन रहे। स्वागत उदबोधन प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने दिया। मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री व विधायक हरिशंकर खटीक ने किया। कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, आमंत्रित वक्तागण, मोर्चा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के जिला प्रभारी उपस्थित रहे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal