हनुमान जन्मोत्सव देशभर में धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है

नई दिल्ली : शनिवार, अप्रैल 12, 2025/ आज देशभर में हनुमान जन्मोत्सव धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर सहित राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्‍न हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में हनुमान चालीसा, सुंदर कांड और अखंड रामायण का पाठ किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा “देशवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की ढेरों शुभकामनाएं। संकटमोचन की कृपा से आप सभी का जीवन सदैव स्वस्थ, सुखी और सम्‍पन्‍न रहे, यही कामना है।”

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “प्रभु श्री राम में अपनी अटूट आस्था रखने और सबों के दुःखों को हरने वाले संकटमोचन श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव के अवसर पर सभी देशवासियों को जय श्री राम। अंजनी पुत्र महाबली हनुमान जी की कृपा से सभी का जीवन मंगल हो, कार्य सफल हों, शरीर स्वस्थ हो और चारों ओर आनंद ही आनंद हो, यही कामना करता हूं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हनुमान जन्मोत्सव की सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को मंगलमय शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम के परम भक्त, संकटमोचन हनुमान जी की कृपा सभी पर बनी रहे। बल, बुद्धि, विद्या के दाता भगवान महाबीर की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, यही प्रार्थना है। ॐ हनुमते नमः।”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री हनुमान जन्मोत्सव की सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि रामदूत श्री हनुमानजी की भक्ति, सेवा और समर्पण भाव से प्रेरित होकर हम विकसित भारत-विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प की सिद्धि में योगदान दें , यही प्रार्थना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व पर राजकीय विमान तल भोपाल स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन व पूजा-अर्चना कर जगत के कल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने आगामी कार्यक्रमों के लिए प्रस्थान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया के माध्यम से प्रदेशवासियों के लिए जारी संदेश में कहा कि हनुमान जी अजर-अमर हैं। भगवान श्रीराम के रामराज्य की स्थापना में हनुमान जी का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। माता सीता का प्रेम, स्नेह और वात्सल्य पाकर उनकी आजीवन सेवा तथा असाधारण वीरता का हनुमानजी का संकल्प सभी के लिए प्रेरक है। महाभारत के युद्ध में अर्जुन बाण चला रहे थे, और भगवान श्रीकृष्ण सारथी थे, तब भी धर्म ध्वजा हनुमानजी ने ही धारण की थी। हर कष्ट, हर दु:ख में सबसे पहले हमें हनुमानजी ही याद आते हैं। वे ही हमें बल, बुद्धि, पराक्रम, वीरता, ज्ञान, विनयशीलता जैसे मानवीय गुणों का वरदान प्रदान करते हैं। संकटमोचक हनुमानजी की कृपा सब पर बरसती रहे, यही प्रार्थना है।

 

 

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal