देश भर में आज धार्मिक उत्साह और उमंग के साथ मनाई जा रही है रामनवमी

नई दिल्ली : रविवार, अप्रैल 6, 2025/ आज देशभर में रामनवमी धार्मिक उत्साह और उमंग के साथ मनाई जा रही है। यह त्योहार भगवान विष्णु के सातवें अवतार भगवान राम के अवतरण का प्रतीक है। रामनवमी चैत्र माह की नौवीं तिथि को मनाई जाती है। रामनवमी से पूर्व नौ दिन का उपवास रखा जाता है। चैत्र नवरात्रि का नौवां दिन देशभर में भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मां सिद्धिदात्री की पूजा के साथ नवरात्रि का समापन हो रहा है। वाराणसी से हिमाचल तक, मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है, जो मां से सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में नवरात्रि के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की आराधना का विशेष महत्व है। मां के इस स्वरूप को सभी सिद्धियों को प्रदान करने वाला माना जाता है। मार्कंडेय पुराण में अणिमा, महिमा, गरिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, ईशित्व और वशित्व जैसी आठ सिद्धियों का उल्लेख है। भक्तों का मानना है कि मां की कृपा से सुख, समृद्धि और शांति मिलती है। मां सिद्धिदात्री चार भुजाओं वाली, सिंह पर सवार और प्रसन्न मुद्रा में विराजमान हैं।

देवी पुराण के अनुसार, भगवान शिव ने मां की उपासना से सिद्धियां प्राप्त की थीं, जिसके बाद उनका अर्धनारीश्वर रूप प्रकट हुआ। नवमी को भक्त मां को 56 व्यंजनों का भोग लगाकर और नौ प्रकार के फल-फूल अर्पित कर नवरात्रि का समापन कर रहे हैं। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। सिद्धपीठों पर देशभर से आए श्रद्धालु मां के दर्शन को आतुर हैं और कहते हैं कि यहां आकर मन को असीम शांति मिलती है।

हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ नैना देवी मंदिर में भी आज रामनवमी का खास आयोजन हुआ है। श्रद्धालु मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना में जुटे हैं। इस मंदिर का हवन कुंड अपने चमत्कार और रहस्य के लिए जाना जाता है। इसमें कितना भी हवन किया जाए, राख बाहर नहीं निकालनी पड़ती, बल्कि वह अपने आप कुंड में समा जाती है। मात्र एक फीट गहराई वाला यह हवन कुंड नवरात्रि में 24 घंटे प्रज्वलित रहता है। श्रद्धालु यहां सुख-समृद्धि, विजय, बीमारी से मुक्ति और शत्रु नाश के लिए हवन करते हैं। मंदिर के द्वार नवरात्रि के दौरान दिन-रात खुले रहते हैं। भक्तों का कहना है कि इस हवन कुंड में आहुति डालने से उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन सत्य, धर्म और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ मानवता की सेवा का संदेश देता है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि यह अवसर लोगों को त्याग और निस्वार्थ प्रेम के मूल्यों को अपनाने को प्रेरित करता है

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रामनवमी के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर दो अलग-अलग संदेश पोस्ट किए, जिनमें उन्होंने कहा: “सभी देशवासियों को रामनवमी की ढेरों शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का यह पावन-पुनीत अवसर आप सबके जीवन में नई चेतना और नया उत्साह लेकर आए, जो सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के संकल्प को निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करे। जय श्रीराम!” ‘सभी को राम नवमी की हार्दिक शुभकामनाएं! भगवान श्री राम का आशीर्वाद सदैव हमारे साथ रहे तथा हमारे सभी प्रयासों में हमारा मार्गदर्शन करता रहे। मैं आज रामेश्वरम जाने के लिए उत्सुक हूँ!”

इसके साथ ही पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने लिखा- भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस पर बधाई। इस दिन हम उन सभी को याद करते हैं जिन्होंने पिछले कई दशकों में हमारी पार्टी को मजबूत करने के लिए खुद को समर्पित किया। यह महत्वपूर्ण दिन हमें भारत की प्रगति के लिए काम करने और एक विकसित भारत के सपने को साकार करने की हमारी अद्वितीय प्रतिबद्धता को दोहराता है।

वहीं एक दूसरी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि पार्टी की रीढ़, हमारे सभी मेहनती कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं, क्योंकि वे सक्रिय रूप से जमीन पर काम करते हैं और हमारे सुशासन के एजेंडे को विस्तार से बताते हैं। मुझे इस बात पर गर्व है कि हमारे कार्यकर्ता देश के हर हिस्से में चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और गरीबों, वंचितों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा कर रहे हैं। उनकी ऊर्जा और उत्साह वाकई प्रेरणादायी है।

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal