विजयपुर की जीत पर कांग्रेसजनों ने पीसीसी में मनाया जश्न, की आतिशबाजी

भोपाल : शनिवार, नवम्बर 23, 2024/ मध्यप्रदेश के विजयपुर और बुधनी विधानसभा उपचुनाव में विजयपुर में मिली अप्रत्याशित जीत और बुधनी में एक लाख से अधिक मतों का अंतर समाप्त कर एक बड़ी लीड़ मिलने पर कांग्रेसजनों ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न मनाकर खुशी का इजहार किया। कांग्रेसजनों ने विजयपुर की जीत पर कार्यालय के बाहर आतिशबाजी कर, मिष्ठान खिलाकर परस्पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने विजयपुर में कांग्रेस को मिली अप्रत्याशित जीत और बुधनी में एक लाख से अधिक मतों के अंतर को समाप्त कर वहां की जनता जर्नादन ने भाजपा और सरकार को करारा जबाव दिया है। जागरूक मतदाताओं की सोच से भाजपा को जो झटका लगा है, उससे भाजपा को सबक मिलेगा।

नायक ने कहा कि दलबदओ, निरंकुश और स्वेच्छाचारी सरकार के खिलाफ बड़ा संकेत है, इस जीत से पूरे प्रदेश को फायदा होगा, विपक्ष का मजबूत होना लोकतंत्र में बहुत जरूरी है और उसका संदेश विजयपुर की जनता ने दिया है। विजयपुर में जनता ने लोकतंत्र को बचाने के लिए जागरूकता से काम किया, उन्हें धन्यवाद देता हूं आभार मानता हूं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने अविराम, अनथक परिश्रम किया मैं उनका भी आभार मानता हूं।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जश्न-ए-माहौल के दौरान कांग्रेस के नेतागण राजीव सिंह, हेमंत कटारे, डॉ. संजय कामले, जे.पी. धनोपिया, रवि सक्सेना, गोर्की बैरागी, राजकुमार केलू उपाध्याय, प्रदीप अहिरवार, विक्रम चौहान, अभिनव बरोलिया, रवि वर्मा, फरहाना खान, गोपिल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal