भोपाल : शनिवार, अप्रैल 25, 2026/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल जिला कार्यालय में जन आक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित कर जन आक्रोश महिला पदयात्रा को हरी झंडी रवाना किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को अधिकार संपन्न बनाने और देश की संसद व राज्यों की विधानसभाओं में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने के लिए नारी शक्ति वंदन कानून लेकर आए हैं। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से महिलाओं को मिलने वाले अधिकारों का विरोध किया है। जिस समाज व राष्ट्र ने महिलाओं को अधिकारों से वंचित किया वह समाप्त हो गए। कांग्रेस महिला विरोधी मानसिकता के चलते लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन‘ अधिनियम का विरोध किया। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने लोकसभा में सिर्फ एक अधिनियम का विरोध कर देश की आधी आबादी का अपमान किया है। मध्यप्रदेश और देश की नारी शक्ति कांग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा किए गए अपमान का सबक जरूर सिखाएगी। सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार, पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे, विधायक गंगा उइके, महेन्द्र सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने भी संबोधित किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बहनें हमारे समाज की शक्ति हैं। जिस समाज और राष्ट्र में महिलाओं को अधिकारों से वंचित किया वे समाज और राष्ट्र समाप्त हो गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारें महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। लोकसभा में जिस तरह विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम की खिलाफत की है उसके खिलाफ आज महिलाएं आक्रोशित हैं। महिलाओं का यह आक्रोश हर गली और गांव सहित देश में जागृति का काम करेगा। प्रधानमंत्री ने देश की आधी आबादी को उनका संवैधानिक अधिकार देने का ऐतिहासिक प्रयास किया था, लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दलों ने हमारी बहनों को अधिकार नहीं मिलने दिया। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता नहीं चाहते कि महिलाएं बराबरी का दर्जा प्राप्त करें। कांग्रेस की सोच हमेशा से महिला विरोधी रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन के रूप में सिर्फ एक अधिनियम का विरोध नहीं किया है। कांग्रेस और विपक्षी दलों ने महिलाओं के अधिकारों पर कुठाराघात किया है। प्रधानमंत्री जी निःशुल्क शौचालय, उज्ज्वला गैस, नल से जल, मुद्रा योजना, तीन तलाक को खत्म कर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। यह पहला मामला नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं के अधिकार छीनने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन तलाक को लेकर कानून बनाकर देश की करोड़ों मुस्लिम महिलाओं को उनका अधिकार दिलाया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सम्मान के लिए स्वच्छता अभियान के तहत देशभर में दस करोड़ से अधिक इज्जत घर बनवाए हैं। प्रधानमंत्री जी गरीबों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के आवास बनाकर दे रहे हैं, जिसमें मकान का मुखिया घर की महिला को बनाया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों के जरिए मध्यप्रदेश और देश की करोड़ों बहनों को रोजगार और स्व-वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को लखपति बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब हमारी बेटियां सेना में भी अदम्य साहस का परिचय दे रही हैं तो उन्हें अधिकार संपन्न बनाने में किसी भी पार्टी को रोड़ा नहीं अटकाना चाहिए। हमें गांव-गांव, घर-घर संपर्क कर सभी महिलाओं को बताना है कि कांग्रेस पार्टी और उनके सहयोगी दलों की वजह से महिलाओं को देश की संसद और राज्यों की विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं मिल सका है। महिला पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता बहनों ने विपक्षी दलों के नेताओं का पुतला दहन किया। सम्मेलन का संचालन जिला उपाध्यक्ष रश्मी साहू ने किया एवं आभार महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री ममता मालवीय ने माना। सम्मेलन में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बहनें उपस्थित रहीं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने जन आक्रोश महिला सम्मेलन से पहले बैतूल बाजार मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ को और मजबूत बनाने में जुटे। जितना अधिक बूथ मजबूत होगा, भाजपा का संगठन उतना अधिक सशक्त बनेगा। संगठन की मजबूती का आधार ही बूथ है। सभी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन की नियमित बैठकें होती रहें। पार्टी कार्यकर्ता क्षेत्र में लगातार संपर्क बनाएं और भाजपा सरकार के साथ संगठन के कार्यों से जनता को अवगत कराते रहें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, निष्ठा और समर्पण के कारण ही भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, नप अध्यक्ष दुर्गावती वर्मा, पूर्व नप अध्यक्ष नरेंद्र शुक्ला, नप उपाध्यक्ष सुरेश गायकवाड़, जनपद उपाध्यक्ष कृष्णा लोखंडे, मंडल अध्यक्ष सुनील पवार, मंडल प्रभारी अशोक नागले सहित शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।




