नई दिल्ली : शुक्रवार, मार्च 14, 2025/ रंगों का त्यौहार होली आज पूरे देश में पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह त्यौहार वसंत ऋतु के आगमन और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह एकता और सद्भावना को बढ़ावा देता है। कल होलिका दहन के साथ इस त्यौहार की शुरूआत हुई। आज धुलेंडी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत कई नेताओं ने देशवासियों को होली की बधाई दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।”
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में उन्होंने कहा कि हर्ष और उल्लास से भरा यह त्यौहार सभी के जीवन में नया उत्साह और ऊर्जा लेकर आएगा तथा देशवासियों में एकता के रंग को और मजबूत करेगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मार्च को होली की बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट लिखा था, “आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने होली की बधाई देते हुए कहा, “उमंग, उत्साह और रंगों के पर्व ‘होली’ की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में उत्तरोत्तर समृद्धि, उन्नति और संपन्नता लेकर आए।” वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्ष, उल्लास और नवीन ऊर्जा का प्रतीक यह त्योहार आपके जीवन में प्रसन्नता और उत्तम स्वास्थ्य के रंग भरे, यही मंगलकामना है। आपकी होली आनंदमय और सुरक्षित हो!”
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने होली की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “समस्त देशवासियों को होली की हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं देता हूं। मैं कामना करता हूं कि रंगोत्सव का यह पावन उत्सव आप सभी के जीवन में उमंग, आनंद और उल्लास का संचार करे। सभी सुख, समृद्धि व सौभाग्य से परिपूर्ण हों।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में भक्तों के साथ धूमधाम से होली मनाई। उन्होंने फाग गीत गाए, पूजा-अर्चना की और होलिका दहन स्थल पर आरती कर होली महोत्सव की शुरुआत की। इस मौके पर कई बीजेपी नेता भी शामिल हुए और रंगों के इस त्यौहार को पूरे जोश के साथ मनाया। उत्तर प्रदेश के वाराणसी, मथुरा और वृंदावन में भी होली का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
वृंदावन के प्रेम मंदिर में भक्तों ने गुलाल उड़ाया और नाच-गाकर खुशियां मनाईं। होली को वसंत महोत्सव भी कहा जाता है, जो वसंत ऋतु और नई फसल के आगमन का प्रतीक है। यह हिंदू धर्म में असत्य पर सत्य की जीत का संदेश देता है। होलिका दहन से इस त्योहार की शुरुआत होती है, जिसमें अग्नि में बुराई का प्रतीक होलिका का दहन किया जाता है।
पौराणिक कथा के अनुसार, राक्षस राजा हिरण्यकश्यप ने अपने पुत्र प्रह्लाद को मारने के लिए अपनी बहन होलिका को उसे गोद में लेकर आग में बैठने का आदेश दिया था। लेकिन, भगवान विष्णु की कृपा से प्रह्लाद बच गए और होलिका जलकर भस्म हो गई, जो अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक बना।
आज पूरे देश में होली की धूम है। लोग संगीत, रंगों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इसे मना रहे हैं। मथुरा और वृंदावन, जो अपनी भव्य होली उत्सव के लिए मशहूर हैं, वहां लट्ठमार होली खेली जा रही है, जिसमें महिलाएं पुरुषों को प्यार से डंडे मारती हैं। मंदिरों से लेकर गलियों तक, हर जगह रंगों की बौछार और खुशियों की बहार देखने को मिल रही है। होली का यह त्योहार एकता, प्रेम और आनंद का संदेश देता है।