नई दिल्ली : रविवार, मार्च 2, 2025/ पूरे देश में रमज़ान का पवित्र महीना आज से शुरू हो गया है। लोग कल रात बडी संख्या में मसजिदों में पहुंचे और विशेष नमाज तरावीह अदा की। रमजान इस्लामिक कैलेंडर का नौंवा महीना है और महीने के अंत में ईद-उल-फ़ितर मनाया जाता है। खाड़ी देशों में आज पवित्र माह रमज़ान का दूसरा रोजा है।
रमज़ान का पवित्र महीना शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पवित्र अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा “रमज़ान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है, यह हमारे समाज में शांति और सद्भाव लाए। यह पवित्र महीना चिंतन, कृतज्ञता और भक्ति का प्रतीक है, साथ ही हमें करुणा, दया और सेवा के मूल्यों की भी याद दिलाता है। रमज़ान मुबारक!”
प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी ‘रमजान’ की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “रमजान मुबारक! यह पवित्र महीना आपके जीवन को खुशियों से भर दे और आपके दिल में शांति लाए।” केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने ‘रमजान’ की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैं सभी लोगों को रमजान की शुभकामनाएं देता हूं।
इसके अलावा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों को ‘रमजान’ की बधाई दी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “सभी को रमजान की दिली मुबारकबाद।”
सीएम योगी ने कहा कि रमज़ान के पवित्र दिनों में रोज़ा, मानवता की सेवा, ईश्वर की बन्दगी जैसे नेक कार्यों से धैर्य, आत्म अनुशासन, सहनशीलता, सादगी आदि मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। योगी ने कहा कि इससे परस्पर प्रेम और भाईचारे की भावना बलवती होती है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि उत्तर प्रदेश समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता की मिसाल है। उन्होंने इसके साथ ही नसीहत दी कि इसी विरासत और परम्परा को अक्षुण्ण रखते हुए कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत लोग सभी सावधानियां बरतते हुए रमज़ान के दौरान धार्मिक कार्य सम्पन्न करें।
इस्लामिक कैलेंडर के सभी 12 माह में रमजान सबसे पवित्र और मुबारक महीना होता है। जिसमें मुख्य रूप से रोजा रखना अहम माना जाता है। साथ ही इस पाक माह में मुसलमान अल्लाह की इबादत करते हैं। कुरान की तिलावत करते हैं और नेकी से जुड़े काम करते हैं। जिससे अल्लाह को राजी किया जा सके। रमजान महीने की शुरूआत शुरुआत आज रविवार 2 मार्च से होगी।