नई दिल्ली : मंगलवार, फरवरी 25, 2025/ सिनेमा के साथ भारत का गहरा संबंध इसके ऐतिहासिक फिल्म पोस्टरों में परिलक्षित होता है जो कहानियों एवं भावनाओं को दर्शाते हैं। कला की इस विधा का उत्सव मनाने के लिए वर्ल्ड ऑडियो-विजुअल एंटरटेनमेंट समिट (वेव्स) ने ‘क्रिएट इन इंडिया चैलेंज सीजन 1’ के हिस्से के रूप में फिल्म पोस्टर मेकिंग चैलेंज की शुरुआत की है। एनएफडीसी-नेशनल फिल्म आर्काइव ऑफ इंडिया, इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म आर्काइव्स और इमेजनेशन स्ट्रीट आर्ट के सहयोग से, आयोजित यह प्रतियोगिता भारतीय फिल्म पोस्टरों की समृद्ध विरासत पर प्रकाश डालती है। कुल 296 पंजीकरणों के साथ यह आयोजन रचनात्मकता के जीवंत प्रदर्शन का वादा करता है।
अपने पहले संस्करण में, वर्ल्ड ऑडियो-विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (वेव्स) ‘हब एंड स्पोक’ के स्वरुप वाला एक ऐसा अनूठा प्लेटफॉर्म है, जो संपूर्ण मीडिया एवं मनोरंजन (एम एंड ई) क्षेत्र के समन्वय के प्रति समर्पित है।
यह आयोजन एक प्रमुख वैश्विक कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य वैश्विक एम एंड ई उद्योग का ध्यान भारत की ओर आकर्षित करना और उसे भारतीय एम एंड ई क्षेत्र एवं इसकी प्रतिभा के साथ जोड़ना है।
यह शिखर सम्मेलन 1-4 मई, 2025 के दौरान मुंबई स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर एवं जियो वर्ल्ड गार्डन में आयोजित किया जाएगा। चार प्रमुख स्तंभों- ब्रॉडकास्टिंग एवं इन्फोटेनमेंट, एवीजीसी-एक्सआर, डिजिटल मीडिया एवं इनोवेशन और फिल्म – पर ध्यान केन्द्रित करते हुए, वेव्स भारत के मनोरंजन उद्योग के भविष्य को प्रदर्शित करने हेतु अग्रणी हस्तियों, रचनाकारों और प्रौद्योगिकीविदों को एक साथ लाया जाएगा।
फिल्म पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता चौथे स्तंभ – फिल्म – के अंतर्गत आती है, जो भारतीय सिनेमा के सार-तत्वों का उत्सव मनाने पर केन्द्रित है। समकालीन दर्शकों के लिए ऐतिहासिक फिल्म पोस्टरों को पुनर्परिकल्पित करने पर विशेष ध्यान देते हुए, यह प्रतियोगिता उन पोस्टरों के पीछे की कलात्मक समृद्धि एवं शिल्प कौशल को सामने लाती है।
सभी प्रस्तुत प्रविष्टियों में से जूरी द्वारा चयन के माध्यम से चुने गए कुल 25 चयनित कलाकार एक लाइव कार्यक्रम में प्रतिस्पर्धा करेंगे। वे वेव्स समिट में एक निर्धारित समय सीमा के भीतर हाथ से पेंट किए गए पोस्टर बनाएंगे, जिनमें से शीर्ष तीन कलाकृतियों को प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलेंगे। इन पुरस्कारों में 50,000 रुपये का पहला पुरस्कार, 30,000 रुपये का दूसरा पुरस्कार एवं 10,000 रुपये का तीसरा पुरस्कार और साथ ही शीर्ष तीन विजेताओं के लिए प्रमाण पत्र भी शामिल हैं। इसके अलावा, शेष प्रतिभागियों को उनके संबंधित नकद पुरस्कारों के साथ एक डिजिटल प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 5 फरवरी, 2025 को शुरू हुआ और 5 मार्च, 2025 को बंद हो जाएगा। भागीदारी के लिए कोई शुल्क नहीं है, और आप वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी कलाकृति जमा कर सकते हैं। अपना पोस्टर बनाने के लिए 10 उपलब्ध शीर्षकों में से एक फिल्म चुनें।
वेव्स में आयोजित फिल्म पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता डिजिटल और हाथ से पेंट किए गए, दोनों प्रकार के कला रूपों में रचनात्मकता का उत्सव मनाने और उसे प्रदर्शित करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करती है। इस मंच के माध्यम से दुनिया भर के कलाकार जुड़ सकते हैं, निर्माण कर सकते हैं और मनोरंजन उद्योग के जीवंत भविष्य का हिस्सा बन सकते हैं। इस प्रतियोगिता का समापन मई 2025 में वेव्स समिट में एक प्रतिष्ठित प्रदर्शनी के आयोजन और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।




