भोपाल : शुक्रवार, जनवरी 24, 2025/ मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा राज में प्रदेश की आधी आबादी असुरक्षित है। डबल इंजन की सरकार को न तो बच्चियों की, न लाड़ली बहनों की और न ही महिलाओं की कोई फिक्र है। जिसकी मिसाल पिछले चार वर्षों में गुम हुईं चार हजार से अधिक बालिकाओं और लापता 28,857 महिलाओं को खोज पाने में नाकाम पुलिस की बानगी रही है। इतनी बड़ी संख्या में बच्चियों और महिलाओं की गुमशुदगी प्रदेश के माथे पर कलंक है। इस संवेदनशील पहलू पर सरकार की चुप्पी भर्त्सना योग्य और निंदनीय है।
विभा पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार मासूम बच्चियों, किशोरियों, लाड़ली बहनों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकारी खजाने को लुटाकर सरकारी विज्ञापनों के माध्यम से बड़े-बड़े दावे कर प्रदेश की आधी आबादी की हिफाजत करने का दावा करते हुए थकती नहीं हैं। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें लाड़ली लक्ष्मी योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी कई योजनाएं चलाने की बात कर रही है, लेकिन लचर कानून व्यवस्था के चलते प्रदेश का पुलिस तंत्र प्रदेश से गायब हुई चार हजार बेटियों को तलाशनें में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। भाजपा सरकार की यह नाकामी अपनी विफलता को प्रदर्शित करता है। प्रदेश सरकार महिलाओं, बच्चियों के लापता होने के मामले पर मौन क्यों है? क्या महिलाओं को गायब कराने में शामिल अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है, या लाड़ली बहनों, महिलाओं की तस्करी करने वाले गिरोहों से उनका संवाद और संपर्क है। मामलें को लेकर इस तरह के संदेह की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
विभा पटेल ने कहा कि लापता बच्चों, लाड़ली बहनों, महिलाओं आदि की संख्या के मामले में मध्य प्रदेश, देश में सबसे आगे है। गृह मंत्रालय के मुताबिक देश में 2019 से 2021 के बीच 18 साल से अधिक आयु की 10 लाख 61 हजार 648 महिलाएं लापता हुईं। इस दौरान 18 साल से कम आयु की दो लाख 51 हजार 430 लड़कियां गायब हुई हैं। डबल इंजन की भाजपा सरकार लाड़ली बहनों और महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, उन्नति और प्रगति की बात करती है, लेकिन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में वह पूरी तरह से विफल है।
विभा पटेल ने कहा कि यदि डबल इंजन की सरकार महिला सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से नहीं लेगी और चिंताजनक हालतों में सुधार नहीं करेगी तो महिला कांग्रेस आंदोलन करने को मजबूर होगी।




