नई दिल्ली : सोमवार, फरवरी 23, 2026/ ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) ने ईई बाफ्टा फिल्म पुरस्कारों में बच्चों और पारिवारिक फिल्म श्रेणी में बूंग को विजेता के रूप में घोषित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईई बाफ्टा फिल्म पुरस्कारों में बाल और पारिवारिक फिल्म श्रेणी में पुरस्कार जीतने पर फिल्म ‘बूंग’ से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।
फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी फिल्म ‘बूंग’ ने ‘चिल्ड्रेन एंड फैमिली फिल्म’ कैटेगरी में बेस्ट फिल्म का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। इंटरनेशनल फिल्मों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ‘बूंग’ ने बाजी मार ली और साबित कर दिया कि संवेदनशील कहानियां सीमाओं से परे असर छोड़ती हैं। इस यादगार पल में फरहान अपनी पत्नी शिबानी दांडेकर के साथ मौजूद थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि विशेष रूप से मणिपुर के लिए बेहद खुशी का क्षण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पुरस्कार देश में मौजूद अपार रचनात्मक प्रतिभा को भी उजागर करता है। उपरोक्त घोषणा के बारे में बाफ्टा के एक्स पोस्ट का जवाब देते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों को बधाई। ये सचमुच बहुत खुशी का पल है, खासकर मणिपुर के लिए। यह हमारे देश में अपार रचनात्मक प्रतिभा को भी उजागर करता है।




