प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन

मुंबई : रविवार, अप्रैल 12, 2026/ प्रसिद्ध गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले का आज मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में होगा। गायिका की पौत्री ज़नाई भोसले ने सोशल मीडिया पर बताया कि आशा भोसले को सीने में संक्रमण और कमजोरी के कारण कल शाम मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आशा भोसले का करियर आठ दशक से अधिक लंबा रहा और वे अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए ख्यात थीं। वे जानी-मानी गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं।

प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले की आवाज केवल सुर नहीं थी, वह भावनाओं की जीवंत अभिव्यक्ति थी। प्यार की मधुरता, विरह की टीस, खुशी की खिलखिलाहट और दर्द की गहराई, सब कुछ उसमें समाया था। उनके गीतों ने पीढ़ियों को केवल सुनना नहीं, बल्कि महसूस करना सिखाया। आज जब वह स्वर खामोश हुआ है, तो हर धुन भारी और हर सन्नाटा कहीं अधिक गूंजता प्रतीत होता है।

जुबिन नौटियाल ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि “वह आवाज, जिसने खामोशी को भी आत्मा दे दी थी, आज स्वयं खामोशी में विलीन हो गई।” उनके शब्दों में, दुनिया ने केवल एक गायिका नहीं, बल्कि एक युग, एक भावना और अनगिनत यादों का संसार खो दिया है, जिसकी गूंज हर दिल में सदा जीवित रहेगी।

सुधांशु पांडे ने एक भावुक स्मृति साझा करते हुए कहा कि उनकी गोद में सिर रखकर खिंचवाई गई तस्वीर अब जीवन की सबसे अनमोल धरोहर बन गई है। वहीं जैमी लीवर ने स्वीकार किया कि वह उनकी कला से इतनी प्रभावित थीं कि अनायास ही उनकी शैली को अपनाने लगीं पर “आशा जी जैसी कोई दूसरी हो ही नहीं सकती।”

रिद्धिमा कपूर ने इसे एक युग का अंत बताया, जबकि आदित्य राज कौल ने उन्हें ‘प्रतिष्ठित गायिका’ कहकर श्रद्धांजलि अर्पित की। रवीना टंडन ने भावुक शब्दों में लिखा कि उन्हें इस बात का संतोष है कि हर मुलाकात में उन्होंने अपने स्नेह को व्यक्त किया। अक्षरा सिंह और जसलीन मथारू ने भी उन्हें ‘अनमोल हीरा’ बताते हुए श्रद्धांजलि दी। वहीं अक्षय कुमार और तुषार कपूर ने इसे हिंदी सिनेमा और संगीत जगत की अपूरणीय क्षति करार दिया।

आशा भोसले केवल एक नाम नहीं थीं, वह भारतीय संगीत की आत्मा थीं एक ऐसा स्वर, जो समय की सीमाओं से परे है। उनका जाना अंत नहीं, बल्कि एक अमर गूंज की शुरुआत है, जो हर सुर, हर गीत और हर स्मृति में अनवरत जीवित रहेगी।

 

 

 

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal