भोपाल : बुधवार, दिसम्बर 11, 2024/ गीता जयंती के पावन अवसर पर सागर के महाकवि पद्माकर सभागार में गीता महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गीता जयंती की सभी को बधाई देते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत गीता में दिए गए उपदेश ‘‘कर्म किए जा फल की इच्छा ना करे’’ यह जीवन का सबसे बड़ा मंत्र है। हमारी संस्कृति भी हमें राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है। जब गीता के संस्कृत श्लोकों का स्वरपाठ होता है तो पूरा ब्रह्मांड सकारात्मक ऊर्जा से गूंज उठता है। जैसे मानो कोई अदृश्य शक्ति है , जो दिखाई नहीं देती पर जिसका आभास अवश्य होता है। उन्होंने कहा कि गीता और महाभारत जैसे ग्रंथ हम सभी को अवश्य पढ़ने चाहिए तथा इन ग्रंथो में दिए गए उपदेशों का अपने जीवन में अनुसरण भी करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की यह कोशिश है कि हर असहाय व्यक्ति की मदद की जाए। प्रत्येक वर्ग के लिए लगातार प्रयासरत एवं कार्य कर रही इस सरकार को एक वर्ष होने जा रहा है। जिस प्रकार गीता में भगवान श्री कृष्ण मार्गदर्शन देते हैं उसी प्रकार मध्य प्रदेश सरकार में डॉ मोहन यादव समाज के हर वर्ग के लिए कार्य कर रहे हैं। इसी दिशा में माताओं बहनों के सशक्तिकरण के लिए उन्होंने लाडली बहना योजना शुरू की थी और आज संपूर्ण मध्य प्रदेश में बहनों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से पुनः राशि पहुंची है। मंत्री राजपूत ने कहा कि गीता जैसे महान ग्रंथ का ज्ञान हमारी आने वाली पीढ़ी को भी होना चाहिए जिससे वे ग्रंथ के माध्यम से दिए गए जीवन मूल्यों को अपने जीवन में अपना कर आगे बढ़ सकें।




