नई दिल्ली : रविवार, दिसम्बर 7, 2025/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोवा में लगी आग में कई लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की कामना की। राष्ट्रपति ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने गोवा के अरपोरा में आग लगने से मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि वे त्रासदीपूर्ण आग दुर्घटना में मरने वालों को लेकर काफी दुखी हैं। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी सहानुभूति शोक संतप्त परिजनों के साथ है। उपराष्ट्रपति ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोवा के अरपोरा में अग्नि दुर्घटना में हुई जन हानि पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने इस स्थिति के बारे में गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से बात की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया ‘गोवा के अरपोरा में हुई अग्नि दुर्घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से इस स्थिति के बारे में बात की। राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गोवा में आग दुर्घटना में जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त किया। एक्स पर एक पोस्ट में गृह मंत्री ने कहा, गोवा के अरपोरा में आग दुर्घटना में हुई दुखद मौतें बेहद दर्दनाक है। स्थानीय प्रशासन बचाव और राहत कार्य कर रहा है और प्रभावितों को आवश्यक देखभाल प्रदान कर रहा है। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है उनके परिजन के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।
इसके अलावा सोशल मीडिया पोस्ट में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वे आग की दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हैं। स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कामना की कि इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को ईश्वर शक्ति और साहस प्रदान करें। सभी मंत्रियों ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।




