झाबुआ में कामकाजी महिलाओं के लिए नए युग की शुरुआत

भोपाल : शनिवार, नवम्बर 29, 2025/ महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने जिले की कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित एवं आधुनिक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए झाबुआ में वर्किंग वुमन हॉस्टल के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कलेक्टर नेहा मीना कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जनजातीय अंचल की महिलाओं के लिए यह हॉस्टल केवल एक भवन नहीं बल्कि सुरक्षित, सम्मानजनक और आधुनिक जीवन व्यवस्था का नया अध्याय है। प्रारंभिक 50-सीटर क्षमता वाला यह हॉस्टल भविष्य में 100-सीटर तक विस्तारित किया जाएगा। दो मंजिला भवन में वन-सीटर एवं टू-सीटर कमरे, योगा रूम, लाइब्रेरी, ओपन जिम, मेस सुविधा, बैडमिंटन कोर्ट और चाइल्ड केयर रूम सहित सभी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये 24 घंटे वार्डन तैनात रहेगी। मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि लंबे समय से कामकाजी महिलाओं के लिए समुचित आवास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। हॉस्टल से इस आवश्यकता की पूर्ति होगी।

मंत्री निर्मला भूरिया ने राणापुर, थांदला, रामा, झाबुआ एवं मेघनगर परियोजनाओं की नवनियुक्त 30 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने मध्यप्रदेश को सुशासन के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। कलेक्टर नेहा मीना ने भी इस प्रक्रिया को पूर्णतः सुव्यवस्थित बताते हुए जिला प्रशासन के महिला एवं बाल विकास कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में जिले की कक्षा 10वीं और 12वीं की टॉप-10–टॉप-10 छात्राओं को ₹5000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कलेक्टर ने बताया कि यह प्रोत्साहन बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में और आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत मंत्री निर्मला भूरिया ने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई तथा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal