मतदाता सूची शुद्धिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता, एक भी वैध मतदाता छूटना नहीं चाहिए – तरुण चुघ

इंदौर : गुरुवार, नवम्बर 27, 2025/ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व एसआईआर के राष्ट्रीय संयोजक तरुण चुघ, पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने गुरूवार को एसआईआर को लेकर उज्जैन भाजपा कार्यालय में उज्जैन एवं मंदसौर संभाग की संभागीय बैठक एवं इंदौर भाजपा कार्यालय में इंदौर एवं निमाड़ संभाग की संभागीय बैठक को संबोधित किया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं एसआईआर अभियान के राष्ट्रीय संयोजक तरुण चुघ ने बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर का पहला चरण समापन की ओर है और आने वाले कुछ दिन अत्यंत निर्णायक हैं। पार्टी का मुख्य लक्ष्य मतदाता सूची का शत-प्रतिशत शुद्धिकरण है और एक भी वैध मतदाता का नाम छूटना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति अन्याय होगा, इसलिए कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुँचकर तथा वार्ड स्तर पर टीम बनाकर कार्य करना है। जहाँ भी बाहरी या संदेहास्पद मतदाता दिखाई दें, वहाँ तुरंत औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाए ताकि सूची पूर्ण रूप से पारदर्शी और विश्वसनीय बने। एसआईआर अभियान केवल प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि संगठन की जमीनी पकड़ और जनता से जुड़ाव को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी कार्यकर्ता अंतिम चरण तक पूरी सतर्कता, समर्पण और ऊर्जा के साथ फील्ड में सक्रिय रहें, ताकि पार्टी का लक्ष्य पूर्ण सफलता के साथ प्राप्त हो सके। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर ने बैठकों में कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पार्टी की जमीनी मजबूती, संगठन की पहचान और मध्यप्रदेश में निरंतर जनता की सेवा का सुनहरा अवसर है। इस अभियान में शामिल होना एक वन-जनरेशन अवसर है, जिसे गंभीरता, समर्पण और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ पूरा करना हर कार्यकर्ता का परम कर्तव्य है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बैठकों में कहा कि हमें एसआईआर अभियान को प्राथमिकता के साथ पूरा करना होगा। अभियान का समय सीमा बेहद कम है, इसलिए इसे तेज गति, पूर्ण सतर्कता और समर्पण के साथ चलाना अत्यंत आवश्यक है। एसआईआर अभियान में पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि वर्तमान में एसआईआर अभियान का महत्व अत्यंत गंभीर और ऐतिहासिक है। इससे पहले एसआईआर 2002-2003 में हुई थी, और अगली बार एसआईआर लगभग 2039 में ही होगी। इसका स्पष्ट अर्थ है कि इस अभियान के बाद जो मतदाता सूची बनेगी, वही अगले 20 वर्षों या उससे अधिक समय तक सभी चुनावों का आधार बनेगी। देश में जल्द ही एक देश-एक चुनाव की प्रणाली लागू होने वाली है। इस प्रणाली में पंचायत से लेकर लोकसभा तक सभी चुनाव एक ही बूथ पर होंगे और मतदान एक ही मतदाता सूची से होगा। वर्तमान में चल रही एसआईआर प्रक्रिया इसी भविष्यमूलक मतदाता सूची को तैयार करने के लिए है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से कहा कि इसे केवल एक प्रशासनिक कार्य न समझें, बल्कि भविष्य की राजनीतिक स्थिरता और लोकतंत्र की विश्वसनीयता के लिए यह मिशन है। इस अभियान की गंभीरता को समझते हुए सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता 4 दिसंबर तक अपने सभी अन्य कार्य छोड़कर पूरी तरह एसआईआर अभियान में जुट जाएँ।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि यह केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि पार्टी की जमीनी मजबूती, संगठन की पहचान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूर्ण निष्ठा, सतर्कता और ऊर्जा के साथ फील्ड में सक्रिय रहें, ताकि यह अभियान समयबद्ध और सफलता के साथ पूरा हो। उन्होंने कहा कि जो भी कार्यकर्ता इस अभियान में निष्क्रिय रहेंगे, वह न केवल पार्टी के उद्देश्य से दूर रहेंगे, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सटीकता और विश्वसनीयता पर भी असर डालेंगे। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक अभियान को मिशन भावना के साथ पूरा करें और सुनिश्चित करें कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, निष्पक्ष और भरोसेमंद बने।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि वर्तमान एसआईआर प्रक्रिया में विपक्षी दल के लोग भ्रम फैलाने ने पूरी ताकत और जी-जान से जुटे हुए हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के नेता भी लगातार इसी दिशा में काम कर रहे हैं। ऐसे में यह प्रक्रिया हल्के में लेने योग्य नहीं है, बल्कि इसे भविष्य की चुनावी तैयारियों की पहली सीढ़ी माना जाना चाहिए। सभी पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अपनी आंख-कान खुले रखकर, पूर्ण सतर्कता और गंभीरता के साथ कार्य करें। सभी बूथ स्तर पर जाकर स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद करें ताकि हर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति समझी जा सके। जिन क्षेत्रों में किसी जाति या वर्ग की बहुलता है, वहां संबंधित मोर्चा या प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं से जानकारी लेना और परामर्श करना आवश्यक है। विवाह के बाद यदि किसी घर में बहू आई है तो उसका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए, और किसी परिवार का लड़का पढ़ाई या नौकरी के लिए बाहर गया है, तो उसका नाम सूची से न कटे यह भी अवश्य देखें। यदि किसी घर में सामान्य से अधिक मतदाता हैं, तो उनकी पूरी जानकारी संकलित की जाए और बाहरी मतदाता पाए जाने पर तत्काल औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाए। यह केवल प्रशासनिक कार्य नहीं है, बल्कि पार्टी की जमीनी पकड़, लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और संगठन की मजबूती सुनिश्चित करने का अवसर है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूर्ण निष्ठा, ऊर्जा और मिशन भावना के साथ फील्ड में सक्रिय रहें, ताकि एसआईआर अभियान पूरी गंभीरता और सफलता के साथ पूरा हो और मध्यप्रदेश में पार्टी की सशक्त स्थिति सुनिश्चित हो सके।

भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर ने बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा सामाजिक सरोकारों के प्रति सक्रिय रही है और विभिन्न सामाजिक कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभाती रही है। एसआईआर अभियान को गंभीरता, समर्पण और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ पूरा करना हमारा परम कर्तव्य है। देश में भाजपा के लिए गुजरात और मध्यप्रदेश आदर्श राज्य हैं, जहाँ पार्टी बार-बार सत्ता में आती रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है। यह अभियान एक वन-जनरेशन वर्क है, क्योंकि अगली बार इसमें आधे से अधिक लोग शामिल नहीं हो पाएंगे। इसलिए इस अभियान को समयबद्ध और दृढ़ संकल्प के साथ पूरा करना अत्यंत आवश्यक है। जब पार्टी कार्यकर्ता जन-जन तक पहुँचते हैं, तो अनेक छोटे-छोटे तथ्य और कमियाँ सामने आती हैं, जिन्हें दूर करने में प्रशासन का सहयोग लेना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी जिम्मेदारी है कि हर त्रुटि और कमी को सुधारते हुए अभियान को सफलता की ओर ले जाएँ। यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पार्टी की जमीनी मजबूती, संगठन की पहचान और मध्यप्रदेश में निरंतर सत्ता बनाए रखने का सुनहरा अवसर है। सभी कार्यकर्ता इस अभियान में पूरी निष्ठा, ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटें और सुनिश्चित करें कि पार्टी के लक्ष्य और जनता की उम्मीदों को सफलता के साथ पूरा किया जाए।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि पात्र लोगों के नाम एसआईआर अभियान में जोड़ना अभियान की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता अभियान की प्रत्येक छोटी-छोटी प्रक्रिया को गंभीरता से समझें और फॉर्म तथा दस्तावेज़ सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य की गति बढ़ाई जाए, ताकि अभियान बिना किसी बाधा के सभी वार्ड और बूथों तक पहुँच सके। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध या गलत जानकारी पर तुरंत शिकायत दर्ज करना आवश्यक है। प्रत्येक वार्ड और बूथ में घर-घर जाकर अभियान को व्यापक बनाना जरूरी है। यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि संगठन की जिम्मेदारी और जनता से जुड़ाव का महत्वपूर्ण अवसर भी है। कार्यकर्ताओं को फील्ड में सक्रिय रहकर सुनिश्चित करना होगा कि एसआईआर अभियान अपने निर्धारित लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा करे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण न केवल संवैधानिक प्रक्रिया है, बल्कि लोकतंत्र की सुरक्षा, पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण आधार भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता का नाम सूची में दो स्थानों पर दर्ज है या वह बाहरी क्षेत्र का है, तो इस पर आपत्ति दर्ज कराकर सूची को शुद्ध किया जाए।

उज्जैन में बैठक का संचालन एसआईआर के प्रदेश संयोजक व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया और आभार जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने व्यक्त किया। बैठक में वरिष्ठ नेता व केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, प्रदेश शासन के मंत्री चेतन्य काश्यप, इंदरसिंह परमार, पार्टी की प्रदेश महामंत्री लता वानखेड़े, संभाग प्रभारी सुरेश आर्य एवं एसआईआर प्रदेश सह संयोजक प्रदीप त्रिपाठी मंचासीन रहे। बैठक में संभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता मंच पर उपस्थित रहे।

इंदौर में बैठक का संचालन नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने किया एवं आभार धार ग्रामीण जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार ने व्यक्त किया। बैठक में प्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह, निर्मला भूरिया, नागर सिंह चौहान, अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद गजेंद्र पटेल, एसआईआर के प्रदेश संयोजक व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, सुरेंद्र शर्मा, डॉ. निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री व सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, सांसद शंकर लालवानी, ज्ञानेश्वर पाटिल, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, उषा ठाकुर, जीतू जिराती, अर्चना चिटनीस, अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार, इंदौर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा मंचासीन रहे। बैठक में जिलों के जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, एसआईआर के जिला प्रभारी एवं विधानसभा संयोजक सहित अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal