मुरैना : गुरुवार, नवम्बर 27, 2025/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज मुरैना जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिल रही है। आज दो सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण हुआ। यहां पढ़ने वाले बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और राजनेता बनेंगे। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। गरीब परिवार से निकला कोई व्यक्ति भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है, यही हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती है। उन्होंने कहा कि दूध उत्पादन में मुरैना प्रदेश में अव्वल बना है। दुग्ध उत्पादन बढ़ने से मध्यप्रदेश और समृद्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुरैना में 70 करोड़ की लागत से नया आयुर्वेदिक महाविद्यालय भवन बनेगा। यहां एसडीएम और तहसील कार्यालय का लोकार्पण भी किया गया है। मुरैना को कुल 162 करोड़ रुपए लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बदलते दौर में अब मुरैना उद्योग नगरी के रूप में विकसित हो रहा है। अगले महीने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुरैना, श्योपुर, ग्वालियर जिलों में एक साथ विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि मुरैना जिला दुग्ध उत्पादन में प्रदेश में सबसे आगे है। प्रदेश सरकार दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। घर में गाय पाले तो खेती के लिए प्राकृतिक खाद मिलती है, फसल उत्पादन भी अच्छा होता है। दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा तो राज्य समृद्ध होगा। राज्य सरकार डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत 40 लाख रुपए लागत से गोशाला या डेयरी शुरू करने पर गोपालकों को 10 लाख रुपए का अनुदान दे रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपए की राशि दी जा रही है। राज्य सरकार ने औद्योगीकरण प्रोत्साहित करने के लिए कई प्रयास किए हैं। प्रदेश में उद्योग बढ़ें, लेकिन केवल मशीनों के आधार पर नहीं, स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलना चाहिए। रोजगार आधारित कारखाने में माताएं-बहनें काम करती हैं तो उन्हें प्रतिमाह 5000 रुपए की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुरैना में प्रत्येक भवन विहीन विद्यालय में सर्वसुविधा युक्त भवन बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांदीपनि विद्यालय गोठ एवं अंबाह के विद्यार्थियों से वर्चुअली संवाद किया और बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।




