भोपाल : गुरूवार, सितम्बर 25, 2025/ देवास ज़िले के ग्राम टोकखुर्द में नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित चुनरी यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारी जनसमूह को संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी सहित कांग्रेसजनों और हजारों की संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला और कहा कि सोयाबीन ₹6,000 और गेहूँ ₹2,700 देने का वादा कर किसानों से वोट लिया गया, लेकिन किसानों को अब तक लाभ नहीं मिला। लाडली बहनों को ₹3,000 देने का वादा कर वोट लिए, लेकिन सरकार केवल ₹1,250 दे रही है। शेष ₹1,800 की चोरी की जा रही है। यह महिलाओं और किसानों से खुला विश्वासघात है।
उन्होंने जनता से सवाल करते हुए कहा कि जिन बहनों को हर माह ₹3,000 देने का वादा किया गया था, क्या उन्हें यह राशि मिल रही है? और जब भीड़ से ‘नहीं’ की आवाज़ आई तो उन्होंने कहा कि यह सरकार वादों के नाम पर केवल वोट लेने आई थी, देने का इरादा कभी नहीं था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को सीधी चेतावनी दी कि मोहन यादव मातृशक्ति के हक़ के ₹3,000 तुरंत दीजिए, वरना बीजेपी के ही लोगो से आपको कुर्सी बचाना मुश्किल हो जाएगा। किसानों के समर्थन मूल्य और बहनों की योजनाओं पर भाजपा सरकार का दोहरा रवैया उजागर। लाडली बहनों को ₹3,000 देने की माँग, ₹1,800 की “चोरी” बंद करने की चेतावनी। किसानों को सोयाबीन और गेहूँ के लिए घोषित दरों पर तुरंत भुगतान की मांग। जनता से अपील: कांग्रेस आपके अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ रही है।
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस केवल वादों की राजनीति नहीं करती, बल्कि धरातल पर जनहित की योजनाओं को लागू करने में विश्वास रखती है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस हमेशा किसानों, महिलाओं और आमजन के साथ खड़ी है।




