भोपाल : मंगलवार, सितम्बर 23, 2025/ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस को झूठ, पाखंड और तुष्टिकरण से प्रेरित बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी गोमांस की सबसे बड़ी निर्यातक रही है और अब गो-भक्ति का नाटक कर जनता को गुमराह कर रही है। कांग्रेस के नेताओं के हाथ पर गोमाता का खून लगा है। ये वही लोग हैं जो केरल में चौराहों पर गोवंश की हत्या कर गोमांस खाने के प्रदर्शन करते हैं और चुनाव आते ही गाय के नाम पर वोट मांगते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए गाय सिर्फ राजनीति का मुद्दा नहीं बल्कि सनातन संस्कृति और आस्था का प्रतीक है, जबकि कांग्रेस के लिए यह सिर्फ तुष्टिकरण और वोट बैंक का सौदा है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने 2004 में मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध कानून लागू कर गोहत्या और अवैध परिवहन पर कड़ा प्रतिबंध लगाया है। जीएसटी की मौजूदा दरों को तय करने वाली जीएसटी काउंसिल में कांग्रेस शासित राज्य सरकार के प्रतिनिधि शामिल थे। कांग्रेस उन राज्यों में जीएसटी का विरोध क्यों नहीं कर रही जहां खुद सत्ता में है। गोरक्षा के लिए कार्य करने वाले करपात्री महाराज पर गोली चलाने का आदेश देने वाली राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी थी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जीतू पटवारी को याद होना चाहिए कि 2018 में भूल से बनी कांग्रेस सरकार ने 2004 में भाजपा सरकार द्वारा मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध कानून पर संशोधन की कोशिश की थी, जिससे गो तस्करों को खुली छूट दी जा सके। इसका भारतीय जनता पार्टी ने पुरजोर विरोध किया था और कांग्रेस को गौ तस्करों के पक्ष में निर्णय लेने से रोका था।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में ही भारत दुनिया का सबसे बड़ा बीफ निर्यातक देश बना। यह तथ्य अब किसी से छिपाया नहीं जा सकता है। बीफ निर्यात पर कांग्रेस का रिकॉर्ड शर्मनाक और कलंकित रहा है। जिस कांग्रेस के राज में गोवंश का सबसे ज्यादा कत्ल हुआ, वे आज गो-रक्षा की बात कर रहे हैं। यह वैसा ही है जैसे चोर चोरी करते हुए दूसरों पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह बताए कि केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में उनके कार्यकर्ता और विधायक सार्वजनिक रूप से गोमांस क्यों खाते हैं और उसका प्रचार क्यों करते हैं? मध्यप्रदेश में बैठकर ये नकली गौ-भक्त बनने का ढोंग करते हैं, लेकिन जिन राज्यों में कांग्रेस सत्ता में है, वहां गोवंश की नृशंस हत्या को बढ़ावा देती है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का आधार तुष्टिकरण और वोट बैंक का रहा है। अल्पसंख्यक वोटों के लिए कांग्रेस कभी भी गोवंश की सुरक्षा पर नहीं बोलती। राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी ने गोरक्षा के लिए कार्य करने वाले करपात्री महाराज पर गोली चलवाई थी। यही कारण है कि 50 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने गोवंश संरक्षण के लिए न कोई कानून बनाया, न ही कोई ठोस योजना लागू की। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद जो ऐतिहासिक कदम उठाए, वह कांग्रेस कभी उठाने का साहस नहीं कर पाई। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने 2004 में मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध कानून लागू कर गोहत्या और अवैध परिवहन पर कड़ा प्रतिबंध लगाया है। गोवंश तस्करी रोकने के लिए सख्त सजा का प्रावधान किया गया है। साथ ही गौशालाओं के लिए विशेष बजट, आहार राशि दोगुनी की गई। मध्यप्रदेश सरकार ने वृंदावन ग्राम योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में 100 करोड़ का प्रावधान किया है। शहरी क्षेत्रों में भटकते गोवंश के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई है। कांग्रेस ने 50 साल सत्ता में रहते हुए गोवंश संरक्षण के लिए एक भी ठोस कदम नहीं उठाया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा ने जीतू पटवारी के भ्रष्टाचार पर बयान को कांग्रेस की हास्यास्पद नौटंकी बताते हुए कहा कि देश की जनता जानती है कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जिसने आजादी के बाद से दशकों तक सत्ता में रहकर भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप दिया। बोफोर्स, कॉमनवेल्थ, 2जी, कोयला घोटाला, ऑगस्टा वेस्टलैंड और अनगिनत घोटालों का रिकॉर्ड कांग्रेस के नाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार हुआ है। यही कारण है कि देश और प्रदेश में कांग्रेस के भ्रष्ट नेताओं की नींद हराम है। कांग्रेस का जीएसटी विरोध भी सिर्फ राजनीतिक ढोंग है। यह वही पार्टी है जिसने जीएसटी का प्रस्ताव पेश किया था और आज उसी का विरोध कर रही है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव आते ही जनेऊधारी हिंदू बन जाते हैं और चुनाव खत्म होते ही हिंदू त्योहारों से दूरी बना लेते हैं। उसी तरह जीतू पटवारी चुनाव के समय गौ-भक्ति का चोला पहन लेते हैं और बाकी समय गोवंश के हत्यारों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का गौ-सेवा का संकल्प अटूट और वास्तविक है, जबकि कांग्रेस की गो-भक्ति सिर्फ चुनावी नाटक और तुष्टिकरण की सियासत है। कांग्रेस ने कभी गाय को माता नहीं माना, बल्कि वोट बैंक के लिए उसका सौदा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गौमाता की सेवा को राष्ट्र सेवा मानकर निरंतर कार्य कर रही है। कांग्रेस का असली चेहरा जनता पहचान चुकी है। भाजपा न तो गाय को काटने नहीं देगी और न ही कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति देश और प्रदेश में चलने देगी।