नई दिल्ली : शुक्रवार, सितम्बर 12, 2025/ सी पी राधाकृष्णन देश के 15वें उपराष्ट्रपति बन गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड, केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, जे पी नड्डा, पीयूष गोयल और नितिन गडकरी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में थिरु सी.पी. राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने राधाकृष्णन को जनता की सेवा के लिए समर्पित एक सफल उपराष्ट्रपति कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। एक्स पर अपनी एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा सी.पी. राधाकृष्णन जी के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहा। एक समर्पित लोक सेवक के रूप में, उन्होंने अपना जीवन राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित कर दिया। जनता की सेवा के लिए समर्पित, उनके सफल उपराष्ट्रपति कार्यकाल की कामना करता हूं।
सी पी राधाकृष्णन ने इस महीने की नौ तरीख को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की थी। एन डी ए उम्मीदवार राधाकृष्णन को 452 वोट मिले। उन्होंने इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को 152 मतों से हराया।
उल्लेखनीय है कि भारत के उपराष्ट्रपति, राज्यसभा के पदेन सभापति भी होते हैं। अपने शपथ ग्रहण के साथ, राधाकृष्णन अपने कार्यकाल की शुरुआत स्थिरता लाने, पद की गरिमा बनाए रखने और राजनीतिक विभाजनों को पाटने के लिए एक सेतु के रूप में कार्य करने की आशा के साथ कर रहे हैं। यह अवसर उपराष्ट्रपति पद के लिए एक नए अध्याय का सूत्रपात करता है और आने वाले वर्षों में उनकी भूमिका के लिए मंच तैयार करता है।




