निर्वाचन आयोग ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली : गुरूवार, अगस्त 28, 2025/ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू तथा डॉ. विवेक जोशी ने आज निर्वाचन सदन, नई दिल्ली में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी. राजा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की और उनके सुझाव प्राप्त किए।

चुनाव आयोग ने बताया कि बीते 150 दिनों में विभिन्न स्तरों पर कुल 4,719 सर्वदलीय बैठकें आयोजित की गईं। इनमें मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) द्वारा 40, जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) द्वारा 800 और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा 3,879 बैठकें शामिल थीं। इन बैठकों में अब तक 28,000 से अधिक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हो चुके हैं।

इसके अलावा, आयोग ने राष्ट्रीय और राज्यीय दलों के नेताओं के साथ 21 से अधिक बैठकें की हैं, जिनमें भाजपा, बसपा, तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसे प्रमुख दलों ने हिस्सा लिया। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देना और राजनीतिक दलों की चिंताओं व सुझावों को सीधे आयोग तक पहुंचाना है। ईसीआई ने कहा कि यह पहल आयोग के व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिसके तहत मौजूदा कानूनी ढांचे के अनुरूप सभी हितधारकों के साथ मिलकर चुनावी प्रक्रिया को और मजबूत बनाया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले 21 अगस्त को जनता दल (सेक्युलर) के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से मुलाकात कर अपने सुझाव दिए थे। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों ने हाल ही में बीजू जनता दल (बीजद) के प्रतिनिधिमंडल से भी चर्चा की थी।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal