माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया

नई दिल्ली : बुधवार, अगस्त 27, 2025/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों के सुचारू संचालन के लिए भी प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन के कारण हुई जन-हानि पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन के कारण हुई जनहानि दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। मैं सभी की सुरक्षा और कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करता हूं।

भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने कटरा में वैष्णो देवी मंदिर के पास हुए भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्यों में सहायता के लिए कदम बढ़ाया है। जम्मू संभाग में भी स्थिति उतनी ही गंभीर थी। सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही थीं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बीच मंगलवार को कटरा से माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। त्रिकुटा पहाड़ियों के अर्धकुंवारी इलाके में भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। यह जानकारी माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। श्राइन बोर्ड ने लिखा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और बचाव कार्य लगातार जारी है।

यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु माता के भवन की ओर बढ़ रहे थे। भूस्खलन की खबर मिलते ही एनडीआरएफ, श्राइन बोर्ड के कर्मचारी और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। फिलहाल वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है ताकि किसी और दुर्घटना से बचा जा सके।

जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई थी। मौसम विभाग ने पहले ही यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी थी। जिला प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करें।

 

 

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal