नई दिल्ली : सोमवार, अगस्त 18, 2025/ महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन उप-राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एनडीए के उम्मीदवार होंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कल नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद मीडिया को यह जानकारी दी।
भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों ने इस फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सहमति से उपराष्ट्रपति चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी दलों के साथ समन्वय का प्रयास करेगी। जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले सप्ताह एनडीए के सहयोगी दलों और विपक्षी दलों से इस बारे में संपर्क किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज थिरु सी.पी. राधाकृष्णन जी को भारत के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित किए जाने के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) निर्णय का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में लिखा “अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में, थिरु सी.पी. राधाकृष्णन ने अपने समर्पण, विनम्रता और बुद्धिमत्ता से विशिष्ट पहचान बनाई है। विभिन्न पदों पर रहते हुए, उन्होंने हमेशा सामुदायिक सेवा और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने पर ध्यान दिया किया है। उन्होंने तमिलनाडु में जमीनी स्तर पर व्यापक कार्य किया है। मुझे प्रसन्नता है कि एनडीए परिवार ने उपराष्ट्रपति पद के लिए उन्हें हमारे गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में नामित करने का निर्णय लिया है।”
“थिरु सी.पी. राधाकृष्णन को सांसद और विभिन्न राज्यों के राज्यपाल के रूप में समृद्ध अनुभव प्राप्त है। संसदीय मामलों में उनके हस्तक्षेप हमेशा प्रभावशाली रहे। राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने आम नागरिकों के समक्ष आने वाली चुनौतियों के समाधान पर ध्यान दिया। इन अनुभवों ने सुनिश्चित किया कि उन्हें विधायी और संवैधानिक मामलों का व्यापक ज्ञान है। मुझे विश्वास है कि वे प्रेरक उपराष्ट्रपति साबित होंगे।”
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए के उम्मीदवार के रूप में नामित किए जाने पर बधाई दी। एक्स पर अपने एक पोस्ट में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक सांसद और विभिन्न राज्यों के राज्यपाल के रूप में सी. पी. राधाकृष्णन की भूमिकाओं ने संवैधानिक कर्तव्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुझे विश्वास है कि उनका विशाल अनुभव और ज्ञान उच्च सदन की गरिमा बढ़ाएगा और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा संसदीय बोर्ड के सभी सदस्यों का इस निर्णय के लिए आभार।
गौरतलब है कि सीपी राधाकृष्णन इस समय महाराष्ट्र के 24वें राज्यपाल हैं। उन्होंने यह पद 31 जुलाई 2024 को संभाला था। इससे पहले वह फरवरी 2023 से जुलाई 2024 तक झारखंड के राज्यपाल रहे। मार्च से जुलाई 2024 के बीच उन्होंने तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाला।
लंबे समय से भाजपा से जुड़े राधाकृष्णन कोयंबटूर से दो बार लोकसभा सांसद चुने गए थे। इसके अलावा वह भाजपा तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बता दें कि चुनाव आयोग ने पहले ही उपराष्ट्रपति चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया था। 9 सितंबर को मतदान और उसी दिन मतगणना होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है और उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं।




