नई दिल्ली : रविवार, अगस्त 17, 2025/ भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला शनिवार को तड़के नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। शुक्ला 15 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र से लौटे हैं। वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र जाने वाले पहले भारतीय हैं।
शुभांशु ने नासा के एक्सिओम-4 मिशन का नेतृत्व किया था। इसे 25 जून को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से प्रक्षेपित किया गया था। मिशन के दौरान, शुभांशु ने अंतरिक्ष में अभूतपूर्व सूक्ष्म-गुरुत्वाकर्षण प्रयोग किए। शुभांशु भारत के प्रथम अंतरिक्ष यान मिशन गगनयान के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं। इसे अगले वर्ष के अंत तक प्रक्षेपित किये जाने की संभावना है।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्ला की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक की अंतरिक्ष यात्रा ने एक पूरी पीढ़ी को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया है। यह भारत के आगामी मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम, ‘गगनयान’ के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।




