नई दिल्ली : बुधवार, फरवरी 21, 2024/ प्रसिद्ध रेडियो उद्धघोषक अमीन सयानी का आज 91 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके सीने में दर्द के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन उपचार से पहले उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज और आकर्षक शैली से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था। उन्होंने अपना करियर अंग्रेजी भाषा के प्रसारक के रूप में शुरू किया और देश की आजादी के बाद हिंदी भाषा को महत्‍व दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेडियो की प्रसिद्ध हस्ती अमीन सयानी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि अमीन सयानी जी ने भारत के प्रसारण क्षेत्र में क्रांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अपने काम के जरिए अपने श्रोताओं के साथ एक विशेष संबंध स्‍थापित किया।

एक एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा “रेडियो पर अमीन सयानी की मखमली आवाज़ में एक आकर्षण और गर्मजोशी थी जिसने उन्‍हें पीढ़ियों से परे लोगों को अपना बना लिया। अपने काम के जरिए, उन्होंने भारतीय प्रसारण में क्रांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने श्रोताओं के साथ बहुत ही मधुर संबंध स्‍थापित किया। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार, प्रशंसकों और सभी रेडियो प्रेमियों के प्रति संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।"
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रसिद्ध रेडियो प्रसारक और प्रसिद्ध शो बिनाका गीतमाला के उद्धघोषक अमीन सयानी के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

सोशल मीडिया पोस्ट में अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि वे रेडियो की आवाज़ थे, जिन्होंने अपने जादुई शब्दों के साथ लोगों का बेहतरीन मनोरंजन किया और उन्हें रेडियो से जोड़े रखा। अनुराग सिंह ठाकुर ने इस दुखद समय में उनके परिवार, प्रशंसकों और अनुयायियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अमीन सयानी अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी जादुई आवाज जिंदा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुप्रसिद्ध रेडियो उद्घोषक अमीन सयानी के अवसान पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में रेडियो कार्यक्रमों को लोकप्रिय बनाने में अमीन सयानी जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रेडियो कार्यक्रमों के प्रस्तुतीकरण की उनकी विलक्षणता आज भी लोगों की स्मृतियों में स्थाई रूप से रची बसी है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

 


इस खबर को शेयर करें


Comments