तेलंगाना : अक्टूबर 30, 2022/ तेलंगाना के गोलापल्ली में राहुल गांधी "भारत जोड़ो यात्रा" के दौरान युवाओं के साथ रेस लगाते हुए नजर आ रहे हैं। "भारत जोड़ो यात्रा" के दौरान राहुल गांधी ने युवाओ, बच्चो के साथ रेस लगाई और सबका दिल जीता। राहुल गांधी के अचानक दौड़ने के कारण उनके सुरक्षा कर्मी, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और अन्य लोगों ने भी दौड़ना शुरू कर दिया। कुछ लोग राहुल गांधी का ये रूप देखकर हैरान भी हुए।

"भारत जोड़ो यात्रा" कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के बाद तेलंगाना में चल रही है। राहुल गांधी तेलंगाना में "भारत जोड़ो यात्रा" के दौरान कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय लोगों से बातचीत भी करेंगे। जल्द ही यात्रा महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री और एनसीपी नेता शरद पवार इसकी मेजबानी करेंगे।

"भारत जोड़ो यात्रा" के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकारों पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि "भारत के पास एक दुर्लभ उपलब्धि है। हमारे पास दुनिया के सबसे अमीर लोग हैं। लेकिन हमारे पास बेरोजगारों की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा है।"

"भारत जोड़ो यात्रा" के दौरान राहुल गांधी ने तेलंगाना के भद्राचलम में आदिवासी समाज के साथ डांस किया। राहुल गांधी ने वीडियो ट्वीट किया है, उस वीडियो में राहुल गांधी आदिवासी समाज की महिलाओं के साथ थिरकते नजर आ रहे हैं।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि, "अद्भुत परंपराओं और सभ्यताओं का समागम है भारत, और यह विविधता ही हमारी ताकत है हमारे आदिवासी हमारी संस्कृतियों और विविधता के भंडार हैं। और कहा कि, आदिवासी महिलाओं के साथ कोम्मू कोया लोकनृत्य का आनंद लिया। उनकी कला, उनके मूल्यों को व्यक्त करती है, जिनको हमें सीखना और संरक्षित करना चाहिए।"

आपको बता दें कि कांग्रेस की "भारत जोड़ो यात्रा" सात सितंबर 2022 को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। "भारत जोड़ो यात्रा" यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश और कर्नाटक से गुजरते हुए अब तेलंगाना पहुंची है।


इस खबर को शेयर करें


Comments