अयोध्‍या : बुधवार, अगस्त 2, 2023/ अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के अब केवल 5 महीने बचे हैं। आगामी जनवरी में 16 से 24 तारीख के बीच मंदिर के गर्भगृह में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। अयोध्या को वैश्विक नगरी के रूप में सजाने-संवारने का काम भी तेजी से चल रहा है।

अगले वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव होंगे, उम्मीद की जा रही है कि उससे पहले मंदिर का निर्माण कार्य पूरा भी हो जाएगा। रामलला को गर्भगृह में विराजित कर दिया जाएगा। राम मंदिर का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। विकास के कार्यों को पूरा करने के लिए यहां कर्मचारी 3 शिफ्ट में काम कर रहे हैं। लखनऊ-अयोध्या हाईवे को जोड़ने के लिए श्रीराम पथ का निर्माण हो रहा है।

अयोध्या को वैश्विक नगर के रूप में विकसित करने के लिए इस समय हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। रामलला के दर्शन के लिए लाखों-करोड़ों भक्त नगें पैर मंदिर तक जाया करेंगे। राम भक्तों को कोई परेशानी न हो इसलिए योगी सरकार खास सड़कें भी बनवा रही है। यहां सड़क ऐसी बनवाई जा रही हैं कि चाहे कितनी भी गर्मी हो लेकिन उस पर चलने वालों के पैर नहीं जलेंगे। इस तरह की सड़कें राज्य में पहली बार बनवाई जा रही हैं।

अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने हाल ही में वाराणसी में हुए मंदिरों के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में बताया कि अयोध्या के विकास का मास्टर प्लान बनाने से पहले वेटिकन सिटी जैसे तीर्थस्थलों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का अध्ययन किया गया।

उन्होंने कहा कि अयोध्या को वर्ष 2047 को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। इसके लिए देश के प्रमुख मंदिरों, जैसे- पशुपतिनाथ, नासिक का साईं मंदिर, तिरूमाला तिरुपति और सिद्धि विनायक जैसे राष्ट्रीय तीर्थस्थलों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।

 

 


इस खबर को शेयर करें


Comments