पुरी : सोमवार, जुलाई 8, 2024/ भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र, और देवी सुभद्रा की विश्‍व प्रसिद्ध रथ यात्रा कल शाम उड़ीसा के पवित्र शहर पुरी में शुरू हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस वार्षिक उत्सव में शामिल हुईं, जहां दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लाखों भक्त और श्रद्धालु रथ खींचने और भगवान के पवित्र दर्शन करने के लिए एकत्रित हुए हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रथों की परिक्रमा की और माथा टेका। इस दौरान भगवान जगन्‍नाथ अपने बडे भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर गुंडिचा देवी के मंदिर की ओर प्रस्‍थान करते हैं। आठ दिनों के बाद उनकी वापसी के साथ यह यात्रा समाप्त होती है। इस बार यह दिव्य यात्रा घंटा, कहली और तेलिंगी जैसे वाद्ययंत्रों की थाप के साथ ‘धाडी पहांडी’ शाही अनुष्ठान के साथ शुरू हुई। इस अनुष्ठान के बाद पुरी के शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती ने रथों पर सवार देवताओं की पूजा की। परंपरा के अनुसार रथों को सूर्यास्‍त तक खींचा जाएगा और कल फिर यह यात्रा शुरू होगी। परंपरागत रूप से एक दिन की यह रथ यात्रा इस बार दो दिनों तक चलेगी।

रथों को जगन्नाथ मंदिर के सिंह द्वार के सामने रखा गया है और गुंडिचा मंदिर ले जाने के लिए तैयार हैं, जहां पर वे एक सप्ताह तक रहेंगे। राज्‍य सरकार ने इस महत्‍वपूर्ण आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्‍यक प्रबंध किए हैं। कानून-व्यवस्था बनाये रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा कर्मियों के 180 प्लाटून तैनात किये गये हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। रथयात्रा के दौरान ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और कई केंद्रीय मंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। राज्य सरकार ने रथ यात्रा के लिए ओडिशा में दो दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज भगवान जगन्‍नाथ की रथयात्रा शुरू होने पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि भगवान जगन्नाथ के देश और विदेश के अनगिनत श्रद्धालु रथपर सवार भगवान के तीनों रूपों को देखने की बड़ी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं। राष्‍ट्रपति ने भगवान जगन्‍नाथ से सभी की प्रसन्‍नता, शांति और संपन्‍नता की कामना की।

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि भगवान जगन्‍नाथ की यात्रा का ऐतिहासिक और सांस्‍कृतिक महत्‍व है। उन्‍होंने कहा कि रथयात्रा की जड़ें प्राचीन भारतीय परंपराओं से जुड़ी हुई हैं और वे श्रद्धा, एकता और समृद्ध धरोहर के प्रतीक हैं। उपराष्‍ट्रपति ने भगवान जगन्‍नाथ की पवित्र यात्रा से लोगों के जीवन में प्रसन्‍नता और आध्यात्मिक जागरूकता की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पोस्‍ट में भगवान जगन्नाथ के प्रति सम्मान व्‍यक्‍त किया और कामना की कि उनकी कृपा देश पर सदैव बनी रहे।

 

 

 


इस खबर को शेयर करें


Comments