छिन्दवाड़ा : रविवार, अप्रैल 14, 2024/ इंडी गठबंधन के पास ना नेता, न नीयत और ना ही नेतृत्व है। टुकड़े-टुकड़े इंडी गठबंधन का घोषणा पत्र भी टुकड़ों में अलग-अलग जारी किया गया है। बाबा साहेब के दिए संविधान को 62 बार संशोधित करने, उन्हें अपमानित करने, उन्हें पार्टी से बाहर करने, चुनाव हराने का काम कांग्रेस ने ही किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को सम्मान दिया जिसके वो हक़दार थे। बाबा साहब को अपमानित करने के पीछे आखिर कांग्रेस की क्या मंशा थी? यह जबाव कांग्रेस को देना होगा। यह बात केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने छिन्दवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के पांर्ढूना में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित जनसभाओं एवं युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि “इंडी’’ गठबंधन का घोषणा पत्र भी एक नहीं है। आखिर यह कैसा गठबंधन है जिसकी रैली में एक गैर राजनीतिक महिला आकर 6 गारंटियों की घोषणा कर देती है? यह कैसा गठबंधन है जिसका घोषणा पत्र भी टुकड़ों-टुकड़ों में आ रहा है? उधर ममता बनर्जी अपना घोषणा पत्र लेकर आती हैं, लालू यादव और उनके सुपुत्र अपना घोषणा पत्र लेकर आते हैं तो वहीं अखिलेश यादव अलग घोषणा पत्र लेकर आते हैं। पहले टुकड़े-टुकड़े गैंग वाले कांग्रेस में शामिल हुए और अब कांग्रेस ने टुकड़े-टुकड़े मिलाकर एक गठबंधन बनाया है। इनके नेताओं के बयानों से स्पष्ट दिखायी देता है कि यह भारत के टुकड़े करना चाहते हैं। देश ना टुकड़े-टुकड़े गठबंधन को स्वीकारेगा ना ही टुकड़ों में बँटा इनका घोषणा पत्र स्वीकारेगा। क्योंकि भारत के हर कोने से एक ही आवाज़ है, आएगें तो मोदी ही।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के पास देश के भविष्य का कोई रोड मैप नहीं है। उनके पास कहने को कुछ नहीं है, इसलिए जनता को भ्रमित करने के लिए अनेक मनगढ़ंत बातें करते हैं। लेकिन आज भारत की जनता इनका असली चाल, चरित्र और चेहरा पहचान चुकी है। यह वही कांग्रेस है जिसने हमारे संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया और चुनाव हराया। कांग्रेस और नेहरू गांधी परिवार ने 62 बार संविधान में संशोधन किए हैं। पंडित नेहरू ने 17 बार, डॉ. मनमोहन सिंह ने 7 बार तो वहीं इंदिरा गांधी ने 33 बार संविधान में संशोधन किए। कांग्रेस पहले यह बताए कि उसने क्या सोचकर यह संशोधन किए। वहीं दूसरी ओर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं जिन्होंने संसद जाकर सबसे पहले संविधान के सामने अपना शीश झुकाया था। भाजपा सरकार ने बाबा साहेब अंबेडकर की जन्मस्थली, शिक्षास्थली, दीक्षा स्थली और उनसे जुड़े सभी स्थलों का पंचतीर्थ के रूप में विकास किया है। यह हमारी ही सरकार है जिसने संविधान दिवस मनाया और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती को राष्ट्रीय अवकाश के रूप में घोषित किया। बाबा साहेब को भारत रत्न भी गैर कांग्रेसी सरकार में मिला।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमेषा परिवारवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद के नाम पर विभाजनकारी नीतियां फैलती है। यही कारण है कि आज देश के नागरिक कांग्रेस को वोट देने को तैयार नहीं हैं। आज कांग्रेस का उत्तरप्रदेश से पलायन हो चुका है। जनता से नकारे जाने के बाद अन्य राज्यों से भी उनका पलायन जारी है। कांग्रेस जहां केंद्र में पार्टी यानी राहुल, सोनिया, वाड्रा, प्रियंका बनकर रह गई है वहीं मध्यप्रदेश में कांग्रेस सिर्फ कमलनाथ और नकुलनाथ तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वायनाड से अपने चुनाव में एसडीपीआई और पीएफआई का समर्थन ले रहे हैं। यह आतंकवादी और देश के विभाजन की सोच रखने वाली पार्टियां हैं। आज देश मोदी के विकास पर विश्वास करता है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सारी गारंटियां फेल हैं। 2014 और 2019 में देश ने भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत दिया था और अब यानी 2024 में देश के नागरिक भाजपा को 370 पार और एनडीए को 400 पार सीटें देने का मन बना चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पांढुर्णा में युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सभी वर्गों का पूरा ध्यान रखती है। स्वामी विवेकानन्द ने कहा था कि स्वस्थ मस्तिष्क का विकास खेल मैदानों में होता है। इसी तर्ज पर नरेंद्र मोदी की सरकार ने खेल बजट 800 करोड से बढाकर 3300 करोड किया है। भारत चंद्रयान को दक्षिणी धुव्र पर पहुंचाने वाला पहला देश बना है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही पांढुर्णा को खेलकूद का सेन्टर पॉइन्ट बनाने की दिषा में काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर जब मोदी का मान सम्मान होता है तो देष के 140 करोड देषवासियों का गर्व से सीना फूल जाता है।

इस दौरान मंच पर जिला अध्यक्ष वैशाली महाले, प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले, प्रकाश उईके, राजू परमार, अजय सिंह चव्हाण, संदीप घाटोडे, राजेश पटेल, डॉ. उमेश कडवे, राजू रेवतकर, देवीदास राऊत, कमलेश राठौर उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें


Comments