नई दिल्ली : गुरूवार, अप्रैल 25, 2024/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उत्‍तरप्रदेश की हाथरस लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजवीर सिंह दिलेर के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। अपने शोक संदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि दिलेर के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। दिलेर ने निरंतर उत्‍तर प्रदेश के लोगों के विकास के लिए कार्य किया।

वहीं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि दिलेर की लोकतांत्रिक मूल्‍यों के प्रति वचनबद्धता और लोगों के कल्‍याण के लिए नि:स्‍वार्थ कार्य करने की उनकी क्षमता के लिए उन्‍हें लंबे समय तक याद किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी सांसद राजवीर सिंह दिलेर के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिलेर की असामयिक मृत्‍यु से वह अत्‍यंत दुखी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनका निधन पार्टी के लिए एक बड़ा नुकसान है। दिलेर को हमेशा उनके जमीनी स्‍तर पर कार्य के लिए याद किया जाएगा।

हाथरस लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजवीर सिंह दिलेर का कल 65 वर्ष की आयु में हृदयगति रूकने से निधन हो गया था।


इस खबर को शेयर करें


Comments