जम्मू : शुक्रवार, जून 28, 2024/ जम्‍मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज सुबह जम्‍मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्‍थे को अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना किया। अमरनाथ पवित्र गुफा की वार्षिक तीर्थयात्रा कल कश्मीर घाटी के पहलगाम और बालटाल मार्ग से शुरू हो रही है।

इस मौके पर मनोज सिन्हा ने मीडिया को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों का पहला जत्था जम्मू से रवाना हो गया है। पिछले 3-4 साल में यात्रा के लिए काफी इंतजाम किए गए हैं और इस बार भी जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। सुरक्षा बढ़ाई गई है। अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले हजारों लोग जम्मू पहुंच चुके हैं। पहला जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच काफिले में यात्रा करेगा और पहलगाम और बालटाल बेस कैंप पहुंचेगा। वहां से वे अपनी अमरनाथ यात्रा शुरू करेंगे।

इस अवसर पर प्रमुख आध्यात्मिक नेता, धार्मिक संगठनों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि, नागरिक प्रशासन, पुलिस, सुरक्षाबलों और अमरनाथ श्राइन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि हमें उम्मीद है कि भोले शंकर की कृपा से इस साल भी यात्रा खुशियां लेकर आएगी और हर साल की तरह सभी के लिए एक अच्छा अनुभव होगा। लोगों को जम्मू-कश्मीर वासियों का प्यार, स्नेह और दुलार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पूरे देश के लोगों को भगवान शिव का आशीर्वाद मिलेगा। पूरा भारत और जम्मू-कश्मीर विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा। हर साल की तरह इस साल भी सभी इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।


इस खबर को शेयर करें


Comments