सागर/बैतूल : गुरूवार, अप्रैल 25, 2024/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मध्यप्रदेश के सागर और बैतूल में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित किया और प्रदेश की जनता से अपील की कि इस बार मध्य प्रदेश की हर सीट पर भारी बहुमत से इस बार कमल खिलना चाहिए। इन महारैलियों में मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा, विदिशा लोकसभा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान, बेतुल-हरदा प्रत्याशी दुर्गादास उईके और सागर लोकसभा प्रत्याशी लता वानखेड़े अन्य नेतागण मंच पर उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सागर और बैतूल की धरती पर जनसागर उमड़ पड़ा है। पूरे मध्यप्रदेश ने फिर एक बार मोदी सरकार का मन बना दिया है। मुझे मध्यप्रदेश की जनता का आशीर्वाद चाहिए, यही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। जनता भगवान का रूप है और जब जनता आशीर्वाद देती है तो आशीर्वाद स्वयं भगवान का आशीर्वाद होता है। इन दिनों आशीर्वाद देने का एकमात्र तरीका कमल के निशान पर बटन दबाना है। देश के विकास के लिए एक स्थिर सरकार की कितनी आवश्यकता होती है, यह मध्यप्रदेश के लोग भली-भांति जानते हैं। सही नीति और सही विजन के साथ ही विकास संभव है। इसलिए, देश में विकास तब हुआ, जब कांग्रेस सत्ता से बाहर गई, और भाजपा ने सरकार बनाई। कांग्रेस शासन में मध्यप्रदेश बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, मगर भाजपा सरकार में वहीं मध्य प्रदेश विकास की ऊंचाईयों को छू रहा है। मध्य प्रदेश में केन-बेतवा लिंक परियोजना का ऐतिहासिक कार्य शुरू हो गया है और सिंचाई के लिए बंडा-बृह सिंचाई परियोजना के काम को भी भाजपा सरकार ने गति प्रदान की है। मध्य प्रदेश में हाईवे का जाल बिछाया गया है, नर्मदा प्रगति पथ, विंध्य प्रगति पथ, मालवा-निमार प्रगति पथ, मध्य भारत प्रगति पथ, बुंदेलखंड प्रगति पथ और अटल प्रगति पथ जैसे एक्स्प्रेस-वे, मध्यप्रदेश की पहचान बने हैं। केंद्र की भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश को 350 से ज्यादा रेल परियोजनाओं की सौगात भी दी है। सागर में अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी किया गया है। 50 हजार करोड़ की लागत से बीन रिफाइनरी में, पेट्रो-केमिकल कॉम्प्लेक्स का कार्य भी शुरू किया गया है। भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा की दिशाओं में कार्य किया है। उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव निरंतर कार्य कर रहे हैं।

मोदी ने कहा कि देश की जनता के वोट ने विदेश में भारत का डंका बजा दिया, देश के दुश्मनों के होश को ठिकाने लगा दिया और 500 वर्षों बाद राम लला को भव्य राम मंदिर में विराजमान करवाया। पिछले 10 वर्षों में किए गए कार्य मात्र ट्रेलर हैं, अभी तो मुझे देश को बहुत आगे लेकर जाना है। आदिवासी क्रांतिकारी सरदार गंजन सिंह कोरकू और सरदार विष्णु सिंह गौण के योगदान को नहीं भुलाया जा सकता है। भाजपा सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया और लाखों आदिवासियों को वन अधिकार का पटका दिया। पिछले 10 वर्षों में किए गए कल्याण कार्यों ने आदिवासी महिलाओं के जीवन को सुगम बनाने का काम किया है। मोदी सरकार ने बैतूल समेत समूचे मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बहुत से कल्याणकारी कार्यों को पूर्ण किया हैं। दूसरी ओर तेलंगाना के कांग्रेस मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी एक विशेष समुदाय को आरक्षण देने की बात कह रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब माँ के बेटे मोदी ने देश की माताओं-बहनों के लिए बहुत से कार्य किए हैं। कोरोना काल में मोदी सरकार ने महिलाओं की रसोइयों में राशन की कमी नहीं होने दी। आज भी देश के घरों में गरीब कल्याण अन्न योजना का अनाज पकाया जा रहा है। यह मोदी की गारंटी है कि अगले 5 वर्ष तक देश के 80 करोड़ परिवारों को खाद्यान्न मिलता रहेगा। मोदी सरकार देश की माताओं-बहनों के लिए पानी, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को घर-घर पहुंचा रही है। मोदी ने स्वयं सहायता समूह की 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है।

मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस की ऐसी सच्चाई सामने आई है, जिसे सुनकर हर देशवासी सन्न हो गया है। देश के संविधान में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि धर्म के आधार पर कोई आरक्षण नहीं दिया जाएगा। स्वयं बाबा साहेब अंबेडकर भी धर्म के नाम पर आरक्षण के विरुद्ध थे लेकिन कांग्रेस ने वर्षों पहले धार्मिक आरक्षण का खतरनाक संकल्प लिया और इस संकल्प को पूरा करने के लिए कांग्रेस वर्ष दर वर्ष भांति भांति के हथकंडे अपना रही है। कांग्रेस देशवासियों के आंखों में धूल झोंककर अपना खेल कर रही है। कांग्रेस ने 2004 में आंध्रप्रदेश में धर्म आधारित आरक्षण देकर संविधान की मूल भावना का उल्लंघन किया। इसके बाद 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने दोनों बार धर्म के आधार पर आरक्षण का वादा किया था। कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी का 15 प्रतिशत कोटा काटकर धर्म के आधार पर बांटना चाहती है। कर्नाटक में कांग्रेस की पिछली सरकार ने धर्म आधारित आरक्षण दिया था लेकिन भाजपा ने सरकार बनने के बाद बाबा साहब के प्रति समर्पण भाव से भारत के संविधान की पवित्रता का सम्मान करते हुए उस धर्म आधारित आरक्षण को खत्म कर दिया। एक बार फिर कांग्रेस ने कर्नाटक में गैर कानूनी तरीके से ओबीसी समाज के आंख में धूल झोंक कर एक वर्ग विशेष की सभी जातियों को ओबीसी कोटा में शामिल कर दिया। कांग्रेस यही फॉर्मूला पूरे देश में लागू करना चाहती है। चुनाव तो आएंगे जाएंगे लेकिन ये खतरनाक खेल देश की जनता की आने वाली पीढ़ियों को तबाह कर देगा। कांग्रेस ओबीसी समुदाय की सबसे बड़ी दुश्मन है। कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की हत्या की है। कांग्रेस ने संविधान की भावना को ठोकर पहुंचाकर बाबा साहब का घोर अपमान किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज्यों में चल रहे एससी एसटी और ओबीसी के आरक्षण को काट कर मुस्लिमों को देने के खेल को बंद करने के लिए मोदी को 400 पार चाहिए। मोदी को दलितों, आदिवासियों और ओबीसी के आरक्षण की रक्षा करनी है। मोदी जनता को रक्षण देकर ही रहेगा। कांग्रेस जनता की संपत्ति भी छीनना चाहती है। कांग्रेस देश में संपत्ति का सर्वे करवाकर अधिक संपत्ति और महिलाओं के गहने छीन कर अपने वोटबैंक को बांटने की बात कहती है। जनता को ये बिल्कुल मंजूर नहीं है। आज कांग्रेस का छिपा हुआ एजेंडा बाहर आ गया है। कांग्रेस ने आज विरासत पर टैक्स लगाने की घोषणा की है। भारत में हर घर में बुजुर्ग अपने पोता-पोतियों के लिए संपत्ति को बचाए रखते हैं लेकिन कांग्रेस इस विरासत पर भी कर लगाना चाहती है। कांग्रेस भारत के सामाजिक मूल्यों इतना कट चुकी है कि कांग्रेस को पारिवारिक मूल्यों का भी अंदाजा नहीं रहा है। भारतीय जरूरत के हिसाब से पैसे खर्च करते हैं, और बचत करने का प्रयास करते हैं लेकिन कांग्रेस पीढ़ी दर पीढ़ी चलने वाली संपत्ति को भी लूटना चाहती है। कांग्रेस का मंत्र है, कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ और जिंदगी के बाद भी। कांग्रेस को देश की पहचान और संविधान से नफरत है इसीलिए ये हर तरीके से देश की साख को कमजोर करना चाहते हैं। ये नेता समाजों को आपस में लड़वाने के लिए नए नए पैंतरे अपनाते हैं। कांग्रेस अब कह रही है कि यह कांग्रेस के शहजादे के सलाहकार का निजी बयान है जबकि 2011 में भी कांग्रेस ने देश में विरासत कर लागू करने की वकालत की थी। विरासत पर टैक्स लगाने की कांग्रेस की इच्छा बहुत पुरानी है। इंडी गठबंधन अब तक अपने नेतृत्व को तय नहीं कर पाया है, लेकिन भाजपा के पास मोदी का नेतृत्व, 10 वर्ष के कार्यों का हिसाब और अगले 25 वर्षों के विकास का रोडमैप है। इंडी गठबंधन के दल हर वर्ष, नया प्रधानमंत्री की योजना बना रहे हैं। यह मुंगेरीलाल के हसीन सपने नहीं, बल्कि देश को तबाह करने का खेल है।

मोदी ने कहा कि भगवान राम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा के निमत्रंण को ठुकरा दिया। जनता ने अब इस कांग्रेस को ठुकराने का निर्णय ले लिया है। कांग्रेस का विरोध केवल अयोध्या और राम मंदिर तक ही नहीं बल्कि इन नेताओं को मंदिर जाने वाले शरणार्थियों से भी दिक्कत है। पिछले वर्ष जब मैंने मध्य प्रदेश में संत रविदास मंदिर का उद्घाटन किया था तो कांग्रेस नेताओं ने कहा उस मंदिर पर भी प्रश्न खड़े किए थे। कांग्रेस को एक महान दलित संत का मंदिर भी बर्दाश्त नहीं होता।

प्रधानमंत्री ने उपस्थित जनसैलाब से आगामी 7 मई को स्थानीय प्रत्याशी को विजयी बनाकर राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका निभाने, देश में फिर एक बार मोदी सरकार बनाने और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस देश के गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों सहित हम सबका मेहनत से कमाया हुआ धन छीनना चाहती है। यह लोकतंत्र में कभी नहीं हो सकता। वर्ष 2013 से पहले देश में कांग्रेस की सरकार थी और उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी यह बोला था कि इस देश पर पहला हक मुसलमानों का है। कितना दुर्भाग्य है कि कांग्रेस हमेशा से हिन्दू-मुसलमानों के बीच में फूट डालकर शासन करती रही। घमंडिया गठबंधन के लोग पानी पी-पीकर रोज एकमात्र व्यक्ति को गाली देते हैं। उन्हें कोई और नहीं मिलता। सोनिया गांधी इसलिए गाली देती हैं कि राहुल गांधी को नहीं बनने दे रहे हैं, लालू यादव इसलिए गाली दे रहे हैं कि तेजस्वी को नहीं बनने दे रहे हैं, ममता बनर्जी इसलिए गाली देती हैं कि उनके भतीजे को आगे नहीं आने दे रहे हैं। यह सभी अपने खानदान को आगे बढ़ाने के लिए निकले हैं। इन्हें देश की चिंता नहीं है। देश और देश के 140 करोड़ लोगों की चिंता करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। वे भारत को मान-सम्मान दिलाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि जिस प्रकार से हनुमानजी का जीवन सदैव त्याग करने एवं दूसरों को देने के लिए रहा वैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपना पूरा जीवन देश सेवा को समर्पित कर दिया। जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने अपने वेतन, भत्तों की राशि भी अपने कर्मचारियों के बच्चों को पढ़ाने-लिखाने के लिए दान कर दी। उन्होंने अपने लिए कभी कुछ नहीं किया। जो भी वेतन, भत्तों की राशि आती है उसे अब गंगा मैया की सेवा में लगा रहे हैं। उन्होंने अपने लिए एक मकान तक नहीं बनाया, लेकिन देश के गरीबों को 4 करोड़ से अधिक आवास बनाकर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि सागर की धरती पर भी एक ऐसे ही सर डॉ हरिसिंह गौर का जन्म हुआ था, जिन्होंने भी अपनी पूरी संपत्ति एक विश्वविद्यालय के लिए दे दी और आज उस विश्वविद्यालय का नाम पूरी दुनिया में है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा हर वर्ग के लोगों से प्रेम करती है। हम गरीबों, आदिवासियों, मुसलमानों सभी से प्रेम करते हैं, तभी तो देश के सर्वोच्च पदों पर इन्हें बैठाते हैं। यह काम कांग्रेस की सरकार में कभी नहीं हुआ। उन्होंने कभी किसी आदिवासी को, किसी मुसलमान को देश का राष्ट्रपति नहीं बनाया। हम गरीबों से प्रेम करते हैं, इसलिए गरीब घर से निकले हुए व्यक्ति यहां पर प्रधानमंत्री बनते हैं, मुख्यमंत्री बनते हैं। यह काम सिर्फ भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं। कांग्रेस के लोग तो एक-दूसरे को आपस में लड़ाते रहते हैं और इसी आधार पर उनकी राजनीति चलती है। यह काम वे वर्षों से करते आ रहे हैं। देश की आजादी के बाद से ही उनकी मानसिकता इस तरह की रही है। जब देश आजाद हुआ तो सबसे पहले हिन्दुस्तान-पाकिस्तान का बंटवारा करवा दिया और फिर हिन्दू-मुसलमानों के बीच में फूट डालकर शासन करते रहे।

उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने हरदा में संबोधित करते हुए कहा कि 10 वर्षों का सुशासन प्रधानमंत्री का हम लोगों ने देखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने बड़ी कुशलता के साथ ऐसे उलझे हुए मामले को सुलझाया जो देश को दीमक की तरह खोखला कर रहे थे। धारा 370, अयोध्या में भगवान श्री रामलला मंदिर, नागरिकता संशोधन कानून बनाया है। प्रधानंमत्री ने देश की अर्थव्यवस्था को 11 नंबर से 5 वें नंबर तक पहुंचाकर देश को यह भरोसा दिलाया है की आने वाले वर्षों में भारत आर्थिक महाशक्ति बनने वाला है। इस देश के गरीबों को भरोसा हो गया है कि मोदी के नेतृत्व में हमारी गरीबी दूर होगी और हमें सक्षम नागरिक बनाने का काम यदि कोई कर सकते है तो नरेंद्र मोदी ही है। इस देश के युवा, किसान, माता बहनों को भी यह भरोसा है कि हमारे सशक्तिकरण का काम मोदी ही कर सकते हैं। इसीलिए यह चुनाव एक अलग रूप में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले 2047 तक देश आर्थिक महाशक्ति बनाकर भारत को विश्व गुरु पर पहुंचने का जो संकल्प लेकर हमारे प्रधानमंत्री मोदी आगे बढ़ रहे हैं वह आप सबके सहयोग से अवश्य पूरा होगा।


इस खबर को शेयर करें


Comments