नई दिल्ली: बुधवार, नवम्बर 23, 2022/ उत्तर भारत में ठंड के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की है। भारत देश की राजधानी दिल्ली के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से नीचे लुढकने लगा है। पिछले दो दिनों में दिल्ली की सुबह इस मौसम में सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। दिल्ली में आज 23 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 11 डिग्री तक रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है जिससे उत्तर भारत के कई शहरों के तापमान में गिरावट आई है। इस बर्फबारी का असर कश्मीर से लेकर यूपी तक देखने को मिल रहा है।

हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर के पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी भी शुरू हो गई है। वहीं दिल्ली, हरियाणा, यूपी, बिहार, राजस्थान, मप्र समेत समूचे उत्तर पश्चिमी व उत्तर पूर्वी राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हिमाचल में सुबह व शाम के समय धुंध भी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा समेत कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

मछुआरों को सलाह दी गई है कि वो दक्षिण पश्चिम और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में न जाएं। पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है।

25 नवंबर तक मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कोहरा छाया रहने का अनुमान जाताया गया है।

 


इस खबर को शेयर करें


Comments