भोपाल : शनिवार, मई 27, 2023/ केंद्र सरकार में 9 साल पूरे होने पर बीजेपी प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी उपलब्धियां गिना रही है, वहीं कांग्रेस ने केंद्र सरकार से 9 साल के 9 सवाल पूछने का अभियान चलाया हुआ है। कांग्रेस पार्टी आज प्रधानमंत्री मोदी से 9 सवाल पूछ रही है। और कहा हम चाहते हैं कि इन सवालों पर प्रधानमंत्री मोदी जी चुप्पी तोड़ें।

कांग्रेस के गुजरात सरकार के राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने आज शनिवार को भोपाल पहुँचने पर यहां प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्र सरकार के 9 साल पर 9 सवाल पूछे है। आज कांग्रेस नेताओं ने देश भर में 35 जगहों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मोदी सरकार पर हमला बोला है। इसके लिए कांग्रेस ने एक दस्तावेज भी जारी किया है।

1. अर्थव्यवस्था:- ऐसा क्यों है कि देश में महंगाई और बेरोज़गारी आसमान छू रही है? क्यों अमीर और अमीर हुए हैं और ग़रीब और ग़रीब? आर्थिक विषमताएं क्यों बढ़ रही हैं? युवा बेरोज़गारी 30-40 प्रतिशत तक बढ़ गई है, वहीं गरीबों के लिए वेतन वृद्धि निगेटिव रही है। यह एक विनाशकारी रिकॉर्ड है। नोटबंदी और जीएसटी ने काले धन को तो ख़त्म नहीं किया उल्टा छोटे व्यवसायों को नष्ट कर दिया। हाल ही में घोषित नोटबंदी 2.0 ने आपकी सरकार के बेरहम दृष्टिकोण की याद को ताज़ा कर दिया है।

2. कृषि और किसान:- ऐसा क्यों है कि काले कृषि कानूनों को रद्द करते समय किसान संगठनों के साथ हुए समझौतों को अभी तक लागू नहीं किया गया है? एमएसपी की गारंटी क्यों नहीं दी गई? पिछले 9 सालों में भी किसानों की आय क्यों दोगुनी नहीं हुई?

3. भ्रष्टाचार/ मित्रवाद:- ऐसा क्यों है कि अडानी को फ़ायदा पहुंचाने के लिए LIC और SBI में जमा जनता के ख़ून पसीने की कमाई को दांव पर लगा दिया? आप चोरों को क्यों भागने दे रहे हैं? आप भाजपा शासित राज्यों में हुए भ्रष्टाचार पर चुप क्यों हैं

4. चीन और राष्ट्रीय सुरक्षा:- ऐसा क्यों है कि चीन को लाल आँख दिखाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री ने उसे 2020 में क्लीन चिट दे दी, जबकि वह आज भी हमारी ज़मीन पर कब्ज़ा करके बैठा है? चीन के साथ 18 बैठकें हुई हैं, फिर भी वह क्यों आक्रमक रवैया अपनाते हुए हमारी पवित्र भूमि से वापस नहीं जा रहे हैं?

5. सामाजिक सद्भाव:- ऐसा क्यों है कि आप चुनावी फ़ायदे के लिए जान बूझ कर बंटवारे की राजनीति को हवा दे रहे हैं और समाज में डर का माहौल बना रहे हैं?

6. सामाजिक न्याय:- ऐसा क्यों है कि आपकी दमनकारी सरकार सामाजिक न्याय की नींव को ध्वस्त कर रही है? महिलाओं, दलितों, अजा, अजजा, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर आप चुप क्यों हैं? जाति जनगणना की मांग को क्यों नजर अंदाज कर रहे हैं?

7. लोकतांत्रिक संस्थाएं:- ऐसा क्यों है कि पिछले 9 सालों में संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमज़ोर किया गया है? विपक्षी दलों और नेताओं के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई क्यों की जा रही है? क्यों जनता द्वारा चुनी हुई विपक्षी दलों की कई सरकारें गिराई गई?

8. जनकल्याण की योजनाए:- ऐसा क्यों है कि बजट में कटौती करके मनरेगा जैसी जनकल्याण की योजनाओं को कमज़ोर किया गया? ग़रीब, आदिवासी एवं जरूरतमंदों के सपनों को क्यों कुचला जा रहा है?

9. कोरोना मिसमैनेजमेंट:- क्यों अचानक लॉकडाउन करके लाखों कामगार साथियों को घर जाने के लिए मजबूर किया गया और उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया गया? 4 करोड़ प्रवासी श्रमिक भाई-बहन सड़कों पर आ गए। पहली लहर के बाद समय से पहले ही जीत की घोषणा कर दी गई। इस वजह से विनाशकारी दूसरी लहर के लिए ठीक से तैयारी नहीं हुई और भारत गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। यह दावा किया गया कि ऑक्सीजन की कमी के कारण किसी की मौत नहीं हुई है। साथ ही ये भी कहा गया कि इसकी कोई जानकारी नहीं है कि महामारी में कितने प्रवासी, पुलिस कर्मी और फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स मारे गए।

 


इस खबर को शेयर करें


Comments