कटनी : गुरूवार, अप्रैल 18, 2024/ लोकसभा चुनाव में पूरे मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी कहीं भी मुकाबले में नजर नहीं आ रही है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि वह फॉरवर्ड ब्लॉक जैसे संगठन का समर्थन कर रही है। फॉरवर्ड ब्लॉक संगठन वामपंथी विचार धारा को अपनाता है और नक्सलवाद व माओवाद का समर्थन करता है। खजुराहो में कांग्रेस पहले ही मैदान छोड़ चुकी है। इंडी गठबंधन के उम्मीदवार को भी यहां की जनता नकार चुकी है। खजुराहो सहित समूचे मध्यप्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत से जिताने का निर्णय कर चुकी है। भाजपा मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक मतों से चुनाव जीतेगी और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी जिले के मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र के लोकसभा चुनाव कार्यालय में कांग्रेस के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष व पार्षद सहित करीब 400 कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा मुड़वारा में आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल हुए। इसके पश्चात पन्ना जिले के रैपुरा, मोहन्दरा व सिपरिया मंडल के दर्जन भर से अधिक गांवों में जनसंपर्क कर संवाद किया। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा शोभायात्रा में भी शामिल हुए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी जिले के मुड़वारा विधानसभा के लोकसभा चुनाव कार्यालय में कांग्रेस पार्टी के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष व पार्षद राजकिशोर यादव, शीला सोनी, अधिवक्ता रवीन्द्र गुप्ता, युवक कांग्रेस नेता संजय जायसवाल, विनोद छिरोल्या सहित 400 लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने पार्टी में शामिल होने वाले नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार में सभी को परिवार जैसा स्नेह मिलेगा। आज रामनवमी का बड़ा सौभाग्यशाली दिन है, आज इस अवसर पर आज सभी भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं। मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूं कि आप सभी को भाजपा में परिवार जैसा मान-सम्मान मिलेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज रामनवमीं के अवसर पर अयोध्या में भगवान श्री राम की प्रतिमा का सूर्य तिलक का सुंदर नज़ारा दुनिया ने देखा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज ऐसा लग रहा है जैसे देश का अमृतकाल प्रारम्भ हो गया है। अयोध्या में आज का नजारा बता रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का उत्कर्ष और अमृतकाल की शुरूआत हो चुकी है। पांच सौ वर्षों के संघर्ष और पीढ़ियों की प्रतीक्षा के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अयोध्या में श्रीराम का मंदिर निर्माण हुआ और भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। इस दृश्य को देखने पीढ़ियों तक लोगों ने प्रतीक्षा की थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा विधायक संदीप जायसवाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले युवाओं, महिलाओं का हौसला बढाते हुए कहा कि रक्तदान महादान और बहुत पुनीत कार्य है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने पन्ना जिले के रैपुरा, मोहन्दरा और सिपरिया मंडल के एक दर्जन से अधिक गांवों में जनसंपर्क किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब कल्याण, विकास और लाभार्थी योजनाओं की जानकारी जनता को देते हुए भारतीय जनता पार्टी को वोट देने की अपील की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं बचा है। कांग्रेस चुनाव में स्वयं मुकाबला नहीं कर सकती इसलिए पहले ही खजुराहो में मैदान छोड़ चुकी है। फिर इंडी गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी को समर्थन दिया। यह वही समाजवादी पार्टी है, जिसने कार सेवकों और रामभक्तों के ऊपर गोलियां चलवाई थी। समाजवादी पार्टी को खजुराहो क्षेत्र की जनता ने नकार दिया तो अब कांग्रेस ने नक्सलवाद और माओवाद का समर्थन करने वाले फॉरवर्ड ब्लॉक संगठन को समर्थन दिया है। कांग्रेस देश को आगे बढ़ते हुए नहीं देख सकती, इसलिए देश के खिलाफ कार्य करने वाले संगठनों का साथ दे रही है। फॉरवर्ड ब्लॉक देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर कार्य करने वाला संगठन है। यह देश के अंदर नक्सलवाद का समर्थन करते हैं। लेकिन मध्यप्रदेश और भारत की जनता समझदार है। मध्यप्रदेश और देश की जनता का समर्थन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को है और जनता उन्हें ऐतिहासिक बहुमत से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बचा चुकी है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन, विधायक संदीप जायसवाल, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामरतन पायल, खजुराहो लोकसभा के संयोजक सदानंद गौतम, सह संयोजक पीताम्बर टोपनानी, कटनी जिला प्रभारी संजय साहू, महामंत्री सुनील उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष रवि खरे, रणवीर कर्ण, अंकिता तिवारी, सीमा जैन, आशीष गुप्ता बाबा सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।


इस खबर को शेयर करें


Comments