भोपाल : मंगलवार, अक्टूबर 15, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि संगठन पर्व के दूसरे चरण का आज समापन हो रहा है। इस अभियान में एक-एक कार्यकर्ता की सहभागिता रही। प्रदेश के सुदूर क्षेत्रों, ऐसे ग्रामीण क्षेत्र जहां मोबाइल नेटवर्क की समस्या है, वहां फार्म के जरिए सदस्यता कराई गई। भाजपा के सफल सदस्यता अभियान से कांग्रेस दुखी है। इसलिए कांग्रेस के पक्ष में एक ईको सिस्टम कार्य कर रहा है, जो भाजपा को बदनाम करने के लिए संगठन पर्व को लेकर भाजपा नेताओं को फोन कर रहे हैं। मैं प्रदेश कांगेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को चुनौती देता हूं कि आप लोगों में दम हो तो सदस्यता अभियान चलाकर दिखाएं। जनता आपके भी सदस्यता अभियान को देखेगी कि किस तरह से आप अभियान चलाते हैं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि संगठन पर्व में मध्यप्रदेश के तपस्वी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से संगठन पर्व के दूसरे चरण में अब तक रिकॉर्ड सदस्य बने हैं। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा दिए गए निर्देश और संगठन द्वारा तय किए गए लक्ष्य को पूरा करने के लिए मध्यप्रदेश भाजपा के एक-एक कार्यकर्ताओं ने लगातार मेहनत की। गांव-गांव-घर-घर जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाकर भाजपा परिवार में शामिल कराया। सशक्त भाजपा और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर मध्यप्रदेश भाजपा सदस्यता में इतिहास बना रही है। मैं मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा की ओर से प्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान में किए गए परिश्रम व मेहनत के लिए बधाई देता हूं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि भाजपा के संगठन पर्व की सफलता और मध्यप्रदेश की जनता का भाजपा से जुड़ाव देखकर भाजपा को बदनाम करने के लिए सदस्यता कराने को लेकर इस तरह के फोन कॉल किए जा रहे हैं। भाजपा को बदनाम करने और कांग्रेस के पक्ष में ईको सिस्टम बनाने और व्यवसायी लोग इस तरह के फर्जी कॉल भाजपा नेताओं को करा रहे होंगे। कांग्रेस पार्टी जनता को गुमराह करने के लिए भी इस तरह के हथकंडे अपना रही है। इसकी भी जांच कराई जाएगी कि इस तरह कौन लोग हैं जो संगठन पर्व को लेकर भाजपा को बदनाम करने में लगे हैं। भाजपा के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं की 45 दिन की अथक मेहनत और परिश्रम का परिणाम है कि मध्यप्रदेश में रिकॉर्ड संख्या में लोगों ने भाजपा की सदयता ग्रहण की है। मैं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को चुनौती देता हूं कि आपमें सामर्थ्य हो, दम हो तो कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान चलाकर बताएं। मध्यप्रदेश की जनता भी जनना चाहती है कि कांग्रेस पार्टी किस तरह से सदस्यता अभियान चलाती है।


इस खबर को शेयर करें


Comments