विदिशा : गुरूवार, अप्रैल 18, 2024/ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामनवमी के पावन पर्व पर विदिशा के किलेंदर स्थित प्राचीन बालाजी मंदिर में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर पूजा अर्चना की और मंडली के साथ जमीन पर बैठकर भजन भी गाए। पूर्व सीएम ने कहा कि, राम हमारे अस्तित्व हैं, राम हमारे आराध्य हैं, राम हमारे प्राण हैं राम हमारे रोम-रोम में रमें हैं हर सांस में बसें हैं। बिना राम के ये देश पहचाना नहीं जा सकता। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मैं भगवान से सिर्फ यही मांगता हूं कि, मुझे धन, बल, विद्या, स्वर्ग और मुक्ति नहीं चाहिए, मुझे तो मरने के बाद बार-बार इसी जनता के बीच पैदा करना ताकि सेवा कर सकूं। जनता की सेवा ही भगवान की पूजा है।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस की सबड़े बड़ी नेत्री मैडम सोनिया ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। रायबरेली से इंदिरा गाँधी भी चुनाव लड़ती थी, लेकिन अब रायबरेली से कांग्रेस को उम्मीदवार ही नहीं मिल रहा है। राहुल गांधी भी अमेठी से चुनाव लड़ते थे लेकिन वो भी अमेठी छोड़कर वायनाड चले गए हैं, रणछोड़दास बन गए हैं। कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने तो चुनाव लड़ने से ही इनकार कर दिया है क्योंकि उन्हे पता है कि, हम हार जाएंगे। अब कांग्रेस समाप्ति की ओर है, कांग्रेस में कुछ नहीं बचा है। इसलिए कांग्रेस के अच्छे विचारवान नेता कांग्रेस छोड़कर देश के विकास के लिए भाजपा में शामिल हो रहें हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि, कांग्रेस के जो नेता खुद अपना क्षेत्र छोड़क भाग रहें हों वो दूसरों को क्या जिताएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मैं जब सांसद विधायक नहीं था तब भी बेटियों की शादी करवाता था लेकिन उस वक्त 21 या 31 बेटियों की ही शादी करवा पाते थे। आप सभी का आशीर्वाद मिला तो मुख्यमंत्री बन गया और कन्या विवाह योजना के तहत लाखों बेटियों की शादी करवाई। ऐसे ही लाड़ली बहना योजना बनाई और एक झटके में 1 करोड़ 32 लाख बहनों के खाते में पैसे डाले। इस योजना ने बहनों की जिंदगी बदल दी। ये पैसा नहीं है बल्कि बहनों का मान-सम्मान हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि, लाड़ली बहना योजना ऐसी है कि, हर राज्य को लागू करना पड़ेगा। चौहान ने कहा कि, आज नवमी पर एक संकल्प और है कि, बहनों को लखपति दीदी बनाना है, लखपति का मतलब घर का कामकाज करते हुए हर बहन की सालाना आय 1 लाख रूपए से ज्यादा हो, बहनों को लखपति बनाकर ही चैन की सांस लूंगा।

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि, विदिशा संसदीय क्षेत्र को मिलकर आदर्श लोकसभा बनाना है। आप जीत का रिकॉर्ड बनाएं, मैं विकास का रिकॉर्ड बनाउंगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, अद्भुत काम करना है, योजनाओं का आदर्श क्रियान्वयन करना है। मैं और आप एक ही हैं, मैं नेता नहीं हूं, मामा हूं और बहनों का सगा भाई हूं। ये अपना परिवार है। भाजपा सरकार ने चारों तरफ सड़कों का जाल बिछाया है। सड़क हो, बिजली हो, पानी हो सभी विकास के काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हुए हैं। किसानों को सम्मान निधि, बेटा-बेटियों की पढ़ाई के लिए तय किया कि, गरीब किसान के बेटा-बेटी मेडिकल, इंजीनियरिंग पढ़ेंगे और फीस राज्य सरकार भरेगी, ताकी किसान के बेटा-बेटी भी डॉक्टर इंजीनियर बन सकें। मेधावी छात्रों को स्कूटी और लैपटॉप दिए। कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही है जो उनकी जिंदगी बदल रही है। उज्जवला योजना के तहत बहनों को गैस कनेक्शन दिए। अब जनता खुद ही कह रही है कि, अबकी बार 400 पार।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृध्द भारत का निर्माण हो रहा है। मोदी ने अद्भुत भारत बनाया है। मोदी जी ऐसे नेता है जिनकी इज्जत पूरी दुनिया करती हैं। ये भारत का सौभाग्य है कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। पहले छोटे-छोटे से देश हमें डराते थे, लेकिन 2014 के बाद से पूरी दुनिया में भारता मान बढ़ा है। हमारा देश अभी दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और मोदी के तीसरे टर्म में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी के नेतृत्व में ही भारत विश्व गुरू बनेगा।


इस खबर को शेयर करें


Comments