भोपाल : रविवार, मार्च 26, 2023/ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भाजपा सरकार की तानाशाही के चलते लोकसभा से समाप्त की गई। सदस्यता के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सामने स्थित इंदिरा गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष अभा कांग्रेस के महासचिव मप्र प्रभारी जे.पी. अग्रवाल की विशेष उपस्थिति कांग्रेसजनों ने संकल्प सत्याग्रह, धरना कर केंद्र की मोदी सरकार द्वारा अपनाये गये इस कायराना कृत्य पर भाजपा और भाजपा नेताओं पर जमकर हमला किया।

ज्ञातव्य हो कि अभा कांग्रेस के निर्देश पर पूरे देश में और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के आव्हान पर प्रदेश भर में संकल्प सत्याग्रह आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त किये जाने के विरोध में भाजपा सरकार के तानाशाही रवैये पर कांग्रेसजनों ने आक्रोश जताया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सामने आयोजित सत्याग्रह कार्यक्रम में जे.पी. अग्रवाल ने कहा कि आजादी के पहले और आजादी के बाद हमारे नेताओं ने देश के लिए त्याग, बलिदान देकर देश को सिंचित किया, देश को आगे बढ़ाने का काम किया। आजादी के लिए अंग्रेजों से लड़कर अपनी कुर्बानियां दी। पहले हम अंग्रेजों से लड़े थे और कांग्रेस के इतिहास में ऐसे अंग्रेज बार-बार आयेंगे, इनसे हमें बिल्कुल भी डरने और भयभीत होने की जरूरत नहीं है, बल्कि हमें पूरी ताकत के साथ इनसे मुकाबला करना है।

कांग्रेस के समय कानून ने उसमें संशोधन भी हुये लेकिन भाजपा राज में कानून को ही समाप्त किया जा रहा है। जिस भाजपा को अपने इतिहास का पता नहीं, वह कांग्रेस के इतिहास की बात करती है। भाजपा सत्य से डरी और बौखलाई हुई है। जिस परिवार ने देश की सेवा के लिए त्याग और बलिदान दिया उस परिवार का खून देश की सेवा के लिए सच्चाई बाले तो वह भाजपा को हजम नहीं हो रही है। बोलने की आजादी को हमसे छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी को बोलने से रोका जा रहा है, यह कौन सी न्याय प्रणाली है। उन्होंने कहा कि मजबूत हैं, हमारा इतिहास मजबूत है, हमारे नेता भी मजबूत है, किसी भी सूरत में कमजोर पड़ने वाले नहीं है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि देश में जो परिस्थितियां निर्मित है, उन पर हमें विचार करने की आवश्यकता है, देश में महंगाई, बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था और कानून व्यवस्था छिन्न भिन्न है। केंद्र हो या राज्य की भाजपा सरकारों द्वारा जो वादे जनता से किये गये थे, उनके प्रतिपूर्ति की दिशा में इन सरकारों द्वारा कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सत्तापक्ष से अपने अधिकारों और हक की उम्मीद करती है, जब सत्ता पक्ष उनके अधिकारों पर कुठाराघात करती है तो जनता विपक्ष से उम्मीद करती है और जनता के मुद्दों को ऊपर संसद, विधानसभा आदि में उठाती है, लेकिन भाजपा विपक्ष की आवाज को तानाशाही रवैये से दबाने का काम कर रही है।

हमारे नेता राहुल गांधी जी जब संसद में सच्चाई बताते हैं तो भाजपा अलौकतांत्रिक तरीके से उनका मुंह बंद कर देती है। यह लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है। हमारे नेता राहुल गांधी जब संसद में भ्रष्टाचार को उजागर करते हैं तो भाजपा खासतौर से प्रधानमंत्री बौखला जाते हैं और उनसे बदला लेने की भावना भाजपा के मन में आ जाती है। उन्होंने कहा कि हम सब न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, जो निर्णय हुआ है, कोर्ट में जब मामला जाएगा तो नतीजा सामने आयेगा कि डिसीजन में बहुत विसंगतियां हैं। चुप रहने और डरने की जरूरत नहीं, हमें अपनी आवाज को और बुलंद करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि देश में भाईचारा प्रभावित हो रहा है, सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ा जा रहा है जिसके लिए राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली देश को एक करने के लिए। राहुल गांधी और गांधी नेहरू परिवार की विरासत है जिसने देश को आजादी नहीं दिलाई बल्कि आजाद भारत को बेहतर बनाया भारत की बेहतरी और एकता के लिए जिस परिवार ने अपनी शहादत दी इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने आज उस देश का लोकतंत्र खतरे में है।

पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी जी ने देश में एकता-अंखडता का संदेश दिया, वहीं जो बातें जनता के बीच कहीं एक-एक बात सही साबित हो रही है, 3500 किलोमीटर की यात्रा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घबरा गए हैं, क्योंकि राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार की बात जनता के बीच कही। सत्याग्रह अंग्रेजों के जमाने में भी होते थे जो सत्य के लिए होते थे लेकिन अब भारतीय जनता पार्टी सत्य बात पसंद नहीं है, जिस प्रकार अंग्रेजों को पसंद नहीं रहती थी। आतंकवादियों के सामने घुटने देखने वाले भाजपा के ये लोग देश का कभी भला नहीं कर सकते। भाजपा से दोगली कौम कोई और नहीं हो सकती है।

विधायक आरिफ मसूद ने कहा सदन की मर्यादा तार-तार की जा रही है देश किस दिशा में जा रहा है। राहुल गांधी जिनके परिवार ने त्याग बलिदान इस देश की जनता के लिए दिया है, उनके साथ इस तरह का कृत्य भाजपा द्वारा किया गया है बहुत ही निंदनीय और चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि मैंने आजादी की लड़ाई को तो नहीं देखा, अपनी आंखों से राजीव गांधी की शहादत को देखा है और उस परिवार के बेटे के ऊपर अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस ने कभी संविधान के खिलाफ कोई काम नहीं किया लेकिन भाजपा संविधान के साथ लगातार खिलवाड़ करती आ रही है, आखिर नरेंद्र मोदी क्यों डरते हो आप राहुल गांधी से? नफरत करना, नफरत पैदा करने, अराजकता फैलाने का कार्य भारतीय जनता पार्टी कर रही है, जिसका मुकाबला हम सब मिलकर करेंगे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सत्य की राह पर चली है। केंद्र में भाजपा सरकार जब आई थी तो प्रधानमंत्री ने सबसे पहले यह बात कही थी भ्रष्टाचार नहीं होने दूंगा, यह बात उन्होंने आम जनता के लिए किए कही थी, अपने और अपने नेताओं के ऊपर लागू नहीं की, यही बात शिवराज सिंह ने मप्र के लिए कहीं थी कि भ्रष्टाचार बर्दास्त नहीं करूंगा, लेकिन हम भाजपा के लोगों पर यह बात लागू नहीं होगी यह तो जनता के लिए है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को डर इस बात का है कि यदि कांग्रेस की सरकार बन गई तो मोदी और पूरी भाजपा जेल में मिलेगी, इसलिए उन्हें इस बात का डर है और इसी कारण षड्यंत्र करने राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त कर दी गई, ताकि कांग्रेस डर जाये, लेकिन कांग्रेस डरेगी नहीं, पूरी कांग्रेस राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। वजीरे आजम और उनकी सरकार एक खास पूंजीपति को फायदा पहुंचाने के लिए देश की जनता को भ्रमित कर रही है। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त करने की निंदा ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल सहित अन्य विपक्षी दलों ने की है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी राजीव सिंह, प्रकाश जैन, सै. साजिद अली, दीपचंद यादव, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल, डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, के.के. मिश्रा, भूपेन्द्र गुप्ता, मानक अग्रवाल, रवि सक्सेना आदि कांग्रेसजनों ने भी संबोधित किया।

संकल्प सत्याग्रह धरना कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अवनीश भार्गव ने किया और जिला/ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षद्वय अरूण श्रीवास्तव एवं कैलाश मिश्रा ने उपस्थित सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


इस खबर को शेयर करें


Comments