नई दिल्ली : शुक्रवार, मार्च 8, 2024/ महाशिवरात्रि आज देशभर में आस्था और भक्तिभाव से मनाई जा रही है। इस अवसर पर भक्त महादेव भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी महाशिवरात्रि श्रद्धा और उत्साह से मनायी जा रही है। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंच रहे हैं। प्रयागराज में तड़के से ही श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा रहे हैं। देश के विभिन्न भागों में शिवालयों को भव्य रुप से सजाय़ा गया है।

यह त्यौहार भगवान शिव और देवी पार्वती के विवाह के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। आज सुबह से ही राज्य के शिवालय और मंदिर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहे हैं। भक्त रुद्राभिषेक, जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश में जगह-जगह शोभा यात्रा और शिव बारात भी निकाली जाएंगी। वाराणसी के बाबा विश्वनाथ मंदिर, बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर से लेकर लखनऊ के मनकामेश्वर मंदिर तक सुबह से ही भक्त जुट रहे हैं।

देश के अन्य हिस्सों की तरह, जम्मू क्षेत्र में भी महा शिवरात्रि का त्योहार धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महा शिवरात्रि, जिसे कश्मीर में हेराथ के नाम से भी जाना जाता है। जम्मू में पीर खो स्थित जामवंत गुफा मंदिर में हजारों भक्तों ने भगवान शिव की पूजा की। इस अवसर पर रियासी जिले के आप शंभू, सांबा जिले के उत्तरबेनी और पुरमंडल में मंदिर परिसरों को भी रोशन किया गया ताकि इन मंदिरों को उत्सव का रूप दिया जा सके।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर लोगों को शुभकामनाएं दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने इस महापर्व से प्रत्येक के जीवन में शांति और समृद्धि की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाशिवरात्रि के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कामना की है कि यह महापर्व हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा लेकर आए और अमृतकाल में देश के संकल्पों को भी नई शक्ति प्रदान करे। प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा “देश के मेरे सभी परिवारजनों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह महापर्व हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा लेकर आए और अमृतकाल में देश के संकल्पों को भी नई शक्ति प्रदान करे। जय भोलेनाथ!”

 

 


इस खबर को शेयर करें


Comments