नई दिल्ली : रविवार, अक्टूबर 15, 2023/ नवरात्रि का पर्व भारत सहित कई अन्य देशों में भी मनाया जा रहा है। अमेरिका , इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना का यह पर्व धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। बंगलादेश में महालया के समारोह शुरू हो गये हैं जोकि दुर्गा पूजा से पहले देवी दुर्गा का आह्वान किया जाता है। पूजा के छठे दिन 20 अक्‍टूबर को महा शष्टि के अवसर पर आयोजन के कार्यक्रम शुरू होंगे जो पांच दिन तक चलेंगे। महालया के दिन पितृ पक्ष समाप्‍त होता है और देवी पक्ष की शुरुआत होती है। पश्चिम बंगाल में यह दुर्गा पूजा के रूप में प्रसिद्ध है फिर भी सभी का उद्देश्य एक ही होता है और वह है देवी माँ को प्रसन्न कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना।

नवरात्रि पर्व से जुड़ी प्रचलित मान्यता के अनुसार, महिषासुर नामक असुर का संहार करने के लिए त्रिदेवों ब्रह्मा, विष्णु और महेश ने देवी दुर्गा को प्रकट किया था। फिर देवी दुर्गा और महिषासुर के बीच नौ दिनों तक भयंकर युद्ध हुआ और दसवें दिन यानी अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को देवी दुर्गा ने महिषासुर का संहार कर इस संसार को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसलिए दुर्गा पूजा के पर्व को अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के तौर पर मनाया जाता है।

इस दिन लोग उपवास रख रहे हैं और डांडिया तथा गरबा का आयोजन किया जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया में तो गुजराती समुदाय ने एक महीना पहले ही नवरात्रि का उत्सव मनाना शुरू कर दिया था। अमरिका में भी विभिन्न स्थानों पर भारतीय समुदाय के लोग एकत्र होकर श्रद्धा भक्ति के साथ नव दुर्गा पर्व मना रहे हैं।

जम्‍मू-कश्‍मीर में आज से शुरू हो रहे नौ दिन के नवरात्रि उत्सव के लिए सभी मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया है। कटरा में श्री माता वैष्णो देवी के सुगम दर्शन के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। जम्मू में बावे वाली माता, चीची माता, सुकराला माता, कोल कंडोली चंडी माता मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की गई है।

गुजरात में नवरात्रि का पर्व पारंपरिक उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। राज्‍य में आदिशक्ति दुर्गा के विभिन्‍न स्‍वरूपों की पूजा-अर्चना की जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज शाम गांधी नगर में अपने पैतृक क्षेत्र मंसा स्थित बहुचर माता मंदिर की आरती में शामिल होंगे। वे गांधीनगर में गरबा उत्सव में भी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आज शाम अहमदाबाद में नवरात्र उत्सव का उद्घाटन करेंगे।

आमतौर पर नवरात्रि मनाने का सबका अपना एक अलग तरीका होता है लेकिन यह त्योहार हर भारतीय के दिल के करीब है। बिहार और उत्तर प्रदेश में दशहरे पर रामलीला का आयोजन किया जाता है वहीं पश्चिम बंगाल में विजय दशमी पर एक दूसरे के घर जाकर बधाइयां देते हैं और आपसी प्रेम को बढ़ाते हैं।

 


इस खबर को शेयर करें


Comments