मुंबई : बुधवार, मार्च 13, 2024/ केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कल मुंबई में ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम पर “स्वराज” का पहला सीजन लॉन्च किया। इस अवसर पर, अनुराग ठाकुर ने कहा, "आज का दिन हमारे लिए गर्व का क्षण है और हमारी आजादी के उन सभी गुमनाम महान नायकों को सच्ची श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया।" उन्होंने बताया कि यह धारावाहिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय अभियान "आजादी का अमृत महोत्सव" से प्रेरणा लेकर शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि अगस्त 2022 में लॉन्च हुआ यह सीरियल भारत के स्वतंत्रता संग्राम की वीरता की वो कहानियां हैं जिनके बारे में बहुत कम लोग ही जानते हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा, "ये वो लड़ाइयां हैं जो इतिहास के पन्नों में कहीं खो गई हैं।" उन्होंने कहा कि ''स्वराज'' इन अनगिनत गुमनाम नायकों और उनके अदम्य साहस की कहानी है।

इस श्रृंखला के बारे में विस्तार से बताते हुए, अनुराग ठाकुर ने कहा कि 75 एपिसोड के इस धारावाहिक में हमारे देश के सभी कोनों के स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों को शामिल किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इससे हमें उपनिवेशवाद के अर्थ, उत्पत्ति और परिणामों को समझने में मदद मिलती है। उन्होंने आगे कहा कि अतीत में भारत का इतिहास विदेशी आक्रमणकारियों और शासकों द्वारा अपने राजनीतिक, वैचारिक और आर्थिक हितों के अनुसार लिखा गया था।

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धारावाहिक में 'स्वराज' की अवधारणा को स्पष्ट करने के लिए ऐतिहासिक घटनाओं को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को देश की भावना और औपनिवेशिक शासकों से आजादी हासिल करने की दिशा में हमारे 500 साल लंबे अथक संघर्ष को समझने में मदद मिलेगी।

अपने स्वयं के समृद्ध इतिहास पर गर्व करने के महत्व पर आगे बोलते हुए, अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो लोग अपनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत पर गर्व नहीं करते हैं, वे कभी भी एक महान भविष्य नहीं बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम देश के लिए एक महान भविष्य बनाना चाहते हैं तो हमें युवा पीढ़ी में अपने महान इतिहास के बारे में गर्व पैदा करना होगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि कि अमृत काल के अगले 25 वर्षों में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में, हम 'विकसित भारत' की दिशा में अधिक तेज गति से आगे बढ़ेंगे।

इस सीरीज को बनाने में प्रसार भारती की भूमिका पर विचार करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न यादगार कार्यक्रमों के माध्यम से समय-समय पर नागरिकों की भावनाओं और मनोवृत्ति को सही दिशा में लाने और प्रसारित करने में दूरदर्शन और आकाशवाणी द्वारा निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री ने सभा को एक नए 52 एपिसोड के धारावाहिक "सरदार: द गेम चेंजर" के बारे में बताया, जिसे सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 10 मार्च, 2024 को दूरदर्शन द्वारा लॉन्च किया गया है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि सरकार का ध्यान मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र को फलने-फूलने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक ऊंचाई हासिल करने में मदद करने में सक्षम बनाने पर केंद्रित है। उन्होंने फिल्म उद्योग के लिए कारोबारी सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस), भारत में फिल्म-शूटिंग के लिए "एकल खिड़की मंजूरी" (सिंगल विंडो क्लीयरैंस) जैसी योजनाओं और अन्य प्रोत्साहनों जैसी पहलों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने सभी से भारतीय भाषाओं में अच्छी सामग्री बनाने का आग्रह किया और कहा कि आज की करीब से जुड़ी दुनिया में वैश्विक दर्शकों के लिए भाषा कोई बाधा नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भारतीय सिनेमा भौगोलिक सीमाओं से परे निकल गया है और अच्छे कंटेंट के आधार पर वैश्विक दर्शकों तक पहुंच गया है। उन्होंने एम एंड ई क्षेत्र के हितधारकों से भारत को 'विश्व का कंटेंट हब' बनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर दर्शकों को संबोधित करते हुए, प्राइम वीडियो के भारत के कंट्री डायरेक्टर सुशांत श्रीराम ने कहा, "यह प्रयास भारत की अनूठी संस्कृति और इतिहास को प्रदर्शित करने एवं उसका जश्न मनाने और भारत के रचनात्मक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता का सार दर्शाता है, जैसा कि पिछले साल अमेजन इंडिया और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के बीच हुए समझौते (लेटर ऑफ इंगेजमेंट) में कल्पना की गई थी।''

"स्वराज" के निर्माता अभिमन्यु सिंह ने कहा कि यह धारावाहिक 1498 में वास्को डी गामा के आगमन से लेकर 1947 में स्वतंत्रता हासिल करने तक की भारत की यात्रा को दर्शाता है। उन्होंने कहा, "जब वास्को डी गामा ने भारत में प्रवेश किया, तो हमारा देश उस समय सबसे अमीर देश था। विश्व के सकल घरेलू उत्पाद में भारत का योगदान लगभग 24 प्रतिशत था। लेकिन, ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन की शुरुआत के बाद, भारत का संघर्ष शुरू हुआ। हालांकि, हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान ने हमें आजादी दिलाई।"

इस अवसर पर आयोजित एक रंगारंग कार्यक्रम में भारत की समृद्ध कला और संस्कृति और विविध नृत्य शैलियों का प्रदर्शन किया गया। एक संगीतमय कहानी के जरिये शानदार प्रदर्शन से उन लाखों आम भारतीयों की अदम्य भावना को दर्शाया गया, जिन्होंने पिछली पांच शताब्दियों में मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ी थी।

धारावाहिक 'स्वराज' का प्रसारण 14 अगस्त 2022 को डीडी नेशनल पर हिंदी में और उसके बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय नेटवर्क पर नौ क्षेत्रीय भाषाओं (तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी, गुजराती, बंगाली, उड़िया और असमिया) में शुरू हुआ। "स्वराज" कार्यक्रम को कॉन्टिलो पिक्चर्स प्रोडक्शन हाउस को सौंपा गया था, जो पेशेवर रूप से शोध किए गए और उच्च गुणवत्ता वाले कंटेंट के लिए प्रसिद्ध है, जो ओटीटी प्लेटफार्मों के लिए भी उपयुक्त है।

कार्यक्रम "स्वराज" अब अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है। पहले सीजन में 10 एपिसोड होंगे और यह 7 क्षेत्रीय भाषाओं - मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, बंगाली और गुजराती में भी उपलब्ध होंगे। दर्शकों की सहूलियत के लिए हिंदी और अंग्रेजी भाषा में उपशीर्षक भी उपलब्ध कराये गये हैं।

 


इस खबर को शेयर करें


Comments