मुंबई : सोमवार, फरवरी 26, 2024/ प्रसिद्ध गजल गायक पंकज उधास का आज 72 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया। गायक लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पंकज उधास के निधन की जानकारी उनकी बेटी नायाब उधास ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर के दी। इस खबर के बाद फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूबी है। पंकज उधास के निधन की खबर सुन कई सेलेब्स उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर गाने दिए। नाम फिल्म की गजल चिट्ठी आई है आज भी याद की जाती है। पंकज उधास के निधन का कारण उनका लंबे समय से बीमार होना बताया जा रहा है। उनका निधन आज ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर पोस्ट किया, 'हम पंकज उधास के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं, जिनकी गायकी कई तरह की भावनाओं को व्यक्त करती थी और जिनकी गजलें सीधे आत्मा से बात करती थीं। वह भारतीय संगीत के एक प्रकाश स्तंभ थे, जिनकी धुनें पीढ़ियों से चली आ रही थीं। मुझे पिछले कुछ वर्षों में उनके साथ हुई अपनी विभिन्न बातचीतें याद हैं। उनके जाने से संगीत जगत में एक खालीपन आ गया है जिसे कभी नहीं भरा जा सकेगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।'

नितिन गडकरी ने लिखा, 'मशहूर गजल गायक पंकज उधास का निधन हमारे लिए बहुत समाचार दु:खद है। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। गजल की दुनिया का बड़ा नाम रहे पंकज ने अपने गानों से लोगों के दिलों पर राज किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे। ॐ शांति।'

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रसिद्ध गज़ल गायक पंकज उधास के निधन पर शोक जताया है। अपने संदेश में अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने बीते चार दशकों में संगीत जगत को समृद्ध किया और संगीत प्रेमियों को गज़लों की कई यादगार और मधुर स्मृतियां दीं। उन्होंने कहा कि उनका निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रसिद्ध गायक पद्मश्री पंकज उधास के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रसिद्ध गीत और गजल गायक पंकज उधास का निधन गायन के क्षेत्र में बड़ी क्षति है। उनके निधन से एक लोकप्रिय स्वर साधक की विदाई हो गई है। बहुत छोटी उम्र से उन्होंने संगीत केरियर शुरू किया था। चिट्ठी आई है, चांदी जैसा रंग तेरा और न कजरे की धार जैसे मधुर गीतों से उनकी पहचान बनी थी। वे मध्यप्रदेश में अनेक अवसरों पर कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए पधारे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत श्री पंकज उधास की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

 

 


इस खबर को शेयर करें


Comments