वाराणसी : रविवार, मार्च 26, 2023/ वाराणसी के होटल सुमेन्द्रा में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने रविवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाने में जुटी है। पुलिस आकांक्षा के परिजनों व करीबियों से पूछताछ कर रही है। आकांक्षा की आत्महत्या के पीछे क्या कारण थे, अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। आकांक्षा की आत्महत्या से भोजपुरी सिनेमा में शोक की लहर है।

आकांक्षा दुबे ने वीरो के वीर और कसम पैदा करने वाले की 2 जैसी फिल्मों में काम किया था। आकांक्षा बुलेट पे जीजा, करवटिया जैसे कई भोजपुरी म्यूजिक वीडियो में भोजपुरी के हर सितारों के साथ काम कर चुकी हैं। आकांक्षा का जन्म 21 अक्टूबर 1997 को मिजार्पुर, उत्तर प्रदेश में हुआ था। उन्हें छोटी उम्र से ही नृत्य और अभिनय का शौक था और इसलिए उन्होंने टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर अपने छोटे नृत्य और अभिनय वीडियो साझा कर अपने अभिनय करियर की शुरूआत की।

आकांक्षा दुबे ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। खुदकुशी से ठीक पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेत्री को अपना मुंह ढंकते हुए और रोते हुए देखा जा सकता है।


इस खबर को शेयर करें


Comments