भोपाल : बुधवार, जुलाई 9, 2025/ एक्सटेंडेड प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविरों का अवलोकन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य संस्थाओं में लगाए जा रहे ईपीएमएसएमए शिविरों की सेवाओं की जानकारी ली गई। डॉ.शर्मा ने निर्देश दिए कि हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की लाइन लिस्टिंग तैयार कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य संस्थाओं में संचालित इन शिविरों से टैग किया जाए। मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की सभी जांचें और फॉलोअप पूरे करवाए जाएं।
सीएमएचओ द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तूमड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फंदा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर खजूरी सड़क के निरीक्षण में असंचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं पोर्टल प्रविष्टि, टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत परीक्षण, सैंपल कलेक्शन, जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली गई। वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए अस्पताल परिसर की सफाई का निरीक्षण कर अस्पतालों में रखे कूलर, गमलों इत्यादि की जांच की। सिविल अस्पताल बैरागढ़ के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। अस्पताल में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों की माताओं से बच्चों के पोषण में सुधार का फीडबैक लिया गया।
डॉ. शर्मा ने अस्पताल अधीक्षक को निर्देश दिए कि आगामी दस्तक अभियान के दौरान संभावित कुपोषित बच्चों को भर्ती किए जाने की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अस्पताल में सुनिश्चित हो।




