हमारे समाज के लिए स्वामी विवेकानंद के विचार और दृष्टि हमारे मार्गदर्शक प्रकाशपुंज हैं – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली : शुक्रवार, जुलाई 4, 2025/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामी विवेकानंद की पुण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज के लिए स्वामी विवेकानंद जी के विचार और दृष्टि हमारे मार्गदर्शक प्रकाशपुंज हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने हमारे इतिहास और सांस्कृतिक विरासत में गर्व और आत्मविश्वास की भावना जगाई।

“मैं स्वामी विवेकानंद को उनकी पुण्य तिथि पर नमन करता हूँ। हमारे समाज के लिए उनके विचार और दृष्टि हमारे मार्गदर्शक प्रकाशपुंज हैं। उन्होंने हमारे इतिहास और सांस्कृतिक विरासत में गर्व और आत्मविश्वास की भावना जगाई। उन्होंने सेवा और करुणा के मार्ग पर चलने पर भी बल दिया।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा, “भारतीय ज्ञान, दर्शन और सांस्कृतिक स्वाभिमान के पुनर्जागरण के अग्रदूत स्वामी विवेकानंद के निर्वाण दिवस पर उन्हें सादर नमन। स्वामी जी ने एक ओर देशवासियों को आध्यात्मिक उन्नति की ओर प्रेरित किया, तो दूसरी ओर युवाओं में नैतिक बल और आत्मविश्वास को जागृत किया। भारतीय ज्ञान-परंपरा को विश्व पटल पर पुनः प्रतिष्ठा दिलाने वाले विवेकानंद जी ने युवाओं से ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’, का आह्वान किया। शिक्षा को सामाजिक विकास की धुरी मानने वाले स्वामी विवेकानंद के विचार, राष्ट्र निर्माण की दिशा में सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें नमन करता हूं। वे भारत ही नहीं पूरे विश्व के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। एक समृद्ध और प्रगतिशील भारत के निर्माण के उनके स्वप्न को पूरा करने के लिए हम सभी पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।” ‘गर्व से कहो हम हिन्दू हैं’ का मंत्र देकर सोए हुए भारत को जाग्रत करने वाले युवा संन्यासी, राष्ट्रऋषि स्वामी विवेकानंद को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट में लिखा, “चुनौती जितनी बड़ी होगी, जीत उतनी ही शानदार होगी’ सभ्यता, संस्कार और स्वाभिमान के उद्घोष ‘गर्व से कहो हम हिन्दू हैं’ के द्वारा सोए हुए भारत को जागृत करने वाले युवा संन्यासी, ‘राष्ट्र ऋषि’ स्वामी विवेकानंद को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि! आपने वेदांत, सेवा और आत्मबल के आलोक से सनातन संस्कृति को विश्व मंच पर प्रतिष्ठित किया। राष्ट्र निर्माण की आपकी दृष्टि और ‘उठो, जागो’ का मंत्र, युगों तक युवा भारत का पथ प्रदर्शक बना रहेगा।”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दर्शन, वेद एवं योग के माध्यम से विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करने वाले, राष्ट्रऋषि स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रसेवा के संकल्प को साकार करने के लिए श्रेष्ठ जीवन आदर्श की प्रेरणा देकर आपने युवाओं का मार्ग प्रशस्त किया। आपके प्रखर विचार एवं कृतित्व देश की अमूल्य धरोहर हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद न केवल भारत के सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं, बल्कि उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा, वेदांत दर्शन और योग को वैश्विक मंच पर स्थापित किया। उनके विचार आज भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करते हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पोस्ट में लिखा, “भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति को संपूर्ण विश्व में ख्याति दिलाने वाले महान विचारक एवं करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। अमेरिका के शिकागो की धर्म संसद में वर्ष 1893 में दिए गए उनके ऐतिहासिक भाषण के कुछ अंश, जो आज भी बेहद प्रासंगिक है। “सांप्रदायिकताएं, कट्टरताएं और इसके भयानक वंशज हठधमिर्ता लंबे समय से पृथ्वी को अपने शिकंजों में जकड़े हुए हैं। इन्होंने पृथ्वी को हिंसा से भर दिया है। कितनी बार ही यह धरती खून से लाल हुई है। कितनी ही सभ्यताओं का विनाश हुआ है और न जाने कितने देश नष्ट हुए हैं। अगर ये भयानक राक्षस नहीं होते तो आज मानव समाज कहीं ज्यादा उन्नत होता, लेकिन अब उनका समय पूरा हो चुका है। मुझे पूरी उम्मीद है कि आज इस सम्मेलन का शंखनाद सभी हठधर्मिताओं, हर तरह के क्लेश, चाहे वे तलवार से हों या कलम से और सभी मनुष्यों के बीच की दुर्भावनाओं का विनाश करेगा।” उन्होंने आगे लिखा, “स्वामी विवेकानंद जी ने अपने अल्प जीवन काल में मानवता को आत्मिक विकास, सहिष्णुता व समानता जैसी महत्वपूर्ण बातों से अवगत करवाया और भारत को वैश्विक पटल पर एक अलग पहचान दिलाई।

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal