भोपाल : शुक्रवार, जून 27, 2025/ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को नगर के प्रतापनगर क्षेत्र में भाजपा के नए जिला कार्यालय भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और इसके कार्यालय में आने वाले हर व्यक्ति को परिवार की तरह अनुभव होना चाहिए। इसलिए रतलाम को नया कार्यालय भवन सर्वसुविधायुक्त बनाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि नया कार्यालय भवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए संगठन कार्य का केंद्र बनेगा।
भूमि पूजन की विधि के पश्चात् सजनप्रभा सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नए भाजपा कार्यालय के लिए भूमि पूजन होना सभी कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य की बात है। रतलाम में नए कार्यालय भवन की नितांत आवश्यकता थी, क्योंकि पैलेस रोड़ स्थित कार्यालय भवन छोटा पड़ने लगा था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलकर अंत्योदय का कार्य कर रही है। इसके तहत रतलाम में नए उद्योग लाने के साथ-साथ पुराने बंद उद्योगों के श्रमिकों को भी उनकी बकाया राशि दिलाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 में विकसित भारत बनाने का लक्ष्य तय किया है। भारत को दुनिया का नंबर 1 देश बनाने में मध्यप्रदेश भी अपना योगदान देगा। रतलाम की पहचान सेंव, सोना, साड़ी के लिए ही नहीं अपितु भविष्य में समृद्धि के लिए भी होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि रतलाम के पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। आज जिस नए भाजपा कार्यालय भवन के लिए भूमिपूजन किया गया है, वह कार्यालय भवन हर कार्यकर्ता के लिए संगठन के काम का केन्द्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विकास और कल्याण के जो कार्य हो रहे हैं, उनका आधार संगठन ही है और संगठन का आधार हमारे कार्यकर्ता हैं। संगठन कार्यकर्ताओं की शक्ति से मजबूत होता है। नए कार्यालय भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं को आधुनिक कार्य संस्कृति के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और नया कार्यालय भवन कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होगा। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि रतलाम के नए कार्यालय भवन के काम में हर कार्यकर्ता अपना योगदान दे।
समारोह के आरंभ में जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत भाषण देते हुए स्टेडियम के विकास हेतु 5 करोड़ रुपये दिये जाने की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन निर्मल कटारिया एवं आभार प्रदेश शासन के मंत्री चेतन्य काश्यप ने व्यक्त किया। इस दौरान सांसद सुधीर गुप्ता, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डे, डॉ. चिंतामणि मालवीय, मथुरालाल डामोर, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डे, पूर्व जिलाध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार, कानसिंह चौहान, बजरंग पुरोहित, राजेंद्र सिह लुनेरा, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चंद्रवंशी, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा एवं संगीता चारेल उपस्थित रहीं।




