कांग्रेस नेता योग करें, अपनी सोच को बदलें – डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी

भोपाल : शनिवार, जून 21, 2025/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं की सोच नकारात्मक है, इसलिए उन्हें हर तरफ बुराई ही दिखाई देती है। उन्हें नियमित रूप से योग करना चाहिए, ताकि उनकी सोच की दिशा बदल सके और वे देश तथा उसकी संस्कृति के बारे में अच्छा सोच सकें। कांग्रेस के लिए आदिवासी सिर्फ वोट बैंक है। आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने आदिवासियों को बरगलाकर उनका वोट लिया परंतु उनके उत्थान के लिए कोई कार्य नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की डबल इंजन की सरकार आदिवासियों के हितों के लिए विभिन्न जनहितैषी योजनाएं संचालित कर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ रही है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता ने 15 महीने की कमलनाथ सरकार का वो दौर देखा है, जब हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला था और इस भ्रष्टाचार में कांग्रेस के नेता आकंठ डूबे थे। स्वयं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी अपने ही नेताओं पर उंगली उठाई थी। लेकिन आश्चर्य की बात है कि करोड़ों की कमाई करने वाले कांग्रेस के ये नेता जनहित के छोटे-छोटे कामों से भी यह कहकर पल्ला झाड़ लेते थे कि सरकार के पास पैसे ही नहीं है। उसी स्थिति से प्रदेश को बाहर निकालकर भाजपा की सरकार ने एक बार फिर प्रदेश में विकास की गंगा बहाई है और विकास के कामों में कभी धन की कमी आड़े नहीं आई। इसकी वजह यह है कि भाजपा जनता की भलाई के लिए सोचती है, काम करने की चाहत रखती है, जो कांग्रेस ने कभी नहीं किया। कांग्रेस सिर्फ लोगों को गुमराह करने में विश्वास रखती है। प्रदेश सरकार की लाडली बहना योजना के बारे में भी कांग्रेस के नेताओं ने कहा था कि सरकार पैसे कहां से लाएगी? ये योजना चुनाव बाद बंद हो जाएगी। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। डॉ. सोलंकी ने कहा कि ये भाजपा की सरकार है और सरकार अगर चाहती है कि हर व्यक्ति के जीवन में योग शामिल हो, तो वो इसके लिए बजट की व्यवस्था भी करेगी।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से सारी दुनिया में योग दिवस मनाने की शुरुआत हुई और सनातन संस्कृति के प्रतीक के रूप में योग आज सारी दुनिया में फैल चुका है। यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उमंग सिंघार की ही तरह कांग्रेस के कई नेता योग तो करते हैं, लेकिन योग के सार्वजनिक कार्यक्रमों से परहेज करते हैं। ये नेता डरते हैं कि अगर इसके बारे में शाही परिवार को पता चल गया, तो शामत आ जाएगी। वहीं, उन्हें अपने वोट बैंक को खोने का डर भी सताता है। लेकिन कांग्रेस के ये नेता इस बात को भूल जाते हैं कि योग दिवस के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम भाई भी शामिल होते हैं और दुनिया के जिन देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, उनमें कई मुस्लिम देश भी शामिल हैं।

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal